तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में चार नाबालिगों ने चलती ट्रेन में एक प्रवासी मजदूर सिराज को घेरकर हमला किया। उसे सुनसान जगह ले जाकर पीटा गया और पूरी घटना का वीडियो बनाया गया। हैरानी की बात यह रही कि हमले के बाद एक आरोपी ने जीत का इशारा भी किया।
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मध्य प्रदेश से रोजी-रोटी कमाने आए एक प्रवासी मजदूर पर चार नाबालिगों ने बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है और अस्पताल में जिंदगी की लड़ाई लड़ रहा है। पीड़ित मजदूर की पहचान सिराज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक चलती ट्रेन में सफर कर रहा था, तभी चार नाबालिगों ने उसे घेर लिया। उनके हाथों में धारदार हथियार थे। पहले उसे डराया-धमकाया गया और इस पूरी हरकत का वीडियो भी बनाया गया। डर का यह खेल जल्द ही हिंसा में बदल गया।
इसके बाद सिराज को जबरन रेलवे स्टेशन के पास एक सुनसान जगह पर ले जाया गया, जहां उस पर कई बार हमला किया गया। हमलावरों ने इस अमानवीय कृत्य को भी मोबाइल में रिकॉर्ड किया। हैरानी की बात यह है कि हमले के बाद एक नाबालिग वीडियो में जीत का इशारा करता नजर आता है।