ताजमहल की संगमरमरी दीवारें यमुना में प्रदूषण के कारण पनपे ‘काइरोनोमस’ कीड़ों के स्राव से हरी हो गई थीं, लेकिन अब पूरे स्मारक पर स्टोन डस्ट की लाल परत चढ़ गई है। 197 करोड़ रुपये के ताजगंज प्रोजेक्ट के तहत दर्जनों की संख्या में स्टोन कटर, ग्राइंडर चलाए जा रहे हैं, वहीं दर्जनों डीजल वाहन प्रवेश द्वारों तक पहुंच रहे हैं।
एएसआई की जांच में कई सैंपलों में स्टोन डस्ट मिला है, वहीं मीनारों से कार्बन के कणों के सैंपल भी जांचे जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने दो साल पहले 2014 में ताजमहल के तीनों ओर ताजगंज के विकास के लिए प्रोजेक्ट शुरू किया।
नेशनल एनवायरमेंट इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट (नीरी) ने पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन कर रिपोर्ट दीं, जिसमें इस प्रोजेक्ट में पत्थरों को बाहर से काटकर लाने, केवल दो जनरेटर चलाने, मशीनों से कटाई और धूल न उड़ने देने की सिफारिशें की गई थीं।