स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि तब्लीगी जमात से जुड़े कोरोना के मामले करीब 22 राज्यों में मिले हैं जिनमें उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड, केरल, बिहार, मेघालय, प. बंगाल, मध्यप्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और हरियाणा समेत कुछ और राज्य शामिल हैं। इस लिस्ट में दिल्ली का भी नाम है| देश में खबर लिखे जाने तक कोरोना से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 2,902 है जिनमें से तब्लीगी जमात से संबंधित मामले 1,023 हैं। तब्लीगी जमात के संपर्क में आए करीब 22 हजार से अधिक लोगों को क्वारंटीन किया गया है। 1-3 अप्रैल के बीच देश में कोरोना के 1,162 मामले सामने आए हैं जिनमें 647 तब्लीगी जमात से जुड़े हैं यानी औसत निकालें तो 50 फीसदी से अधिक मामले तब्लीगी जमात से जुड़े सामने आए हैं।
माना जा रहा है कि फरवरी में मलेशिया में एक तब्लीगी जमात का आयोजन हुआ था जिसमें दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज से कुछ भारतीय सदस्यों ने हिस्सा लिया था और संभवतः इन्हीं सदस्यों की वजह से दिल्ली में आयोजित जमात में कोरोना पहुंचा। 27 फरवरी को, कुआलालंपुरमें भी सेरी पेटालिंग मस्जिद में करीब 16,000 लोग इकट्ठा हुए थे जिनमें से 620 से अधिक लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। इस आयोजन के बाद लोग कोरोना को मलेशिया से लेकर अपने-अपने देशों में पहुंचे।
गृह मंत्रालय के मुताबिक, 21 मार्च के बाद तक मरकज में करीब 1530 भारतीय नागरिक मौजूद थे। इनमें से तमिलनाडु के करीब 500, असम के करीब 216, यूपी के करीब 156, महाराष्ट्र के करीब 108, मध्यप्रदेश के करीब 107, बिहार के करीब 86, पश्चिम बंगाल के करीब 73, तेलंगाना के करीब 55, झारखंड के करीब 40, कर्नाटक के करीब 40, उत्तराखंड के करीब 30, हरियाणा के करीब 20, अंडमान निकोबार के करीब 21, राजस्थान के करीब 19, हिमाचल प्रदेश, केरल और ओडिशा के करीब 15-15, पंजाब के करीब नौ, जम्मू और कश्मीर दोनों जगहों से करीब सात और मेघालय के पांच लोग हैं। तेलंगाना में जहां मरकज में आए पांच लोगों की मौत हुई वहीं, कश्मीर में एक की जान गई। इस शख्स के चलते राज्य में 855 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। ये आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं। अब केंद्र, राज्य सरकारों और इंटेलीजेंस के लिए इन्हें ढूंढ निकालना बड़ी चुनौती है। अगर एक-एक की स्वास्थ्य जांच नहीं हुई तो ये कितना घातक साबित होगा बताने की जरूरत नहीं है।
जमात-ए-हिंद इस्लामी का मुख्यालय (फाइल फोटो)
बता दें कि तब्लीगी जमात निजामुद्दीन मामले में 960 विदेशियों को ब्लैकलिस्ट और जमात से संबंधित गतिविधियों में शामिल होने के कारण उनका पर्यटक वीजा रद्द कर दिया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित राज्यों के डीजीपी को तब्लीगी जमात निजामुद्दीन मामले में 960 विदेशियों के खिलाफ विदेशी अधिनियम 1946 और आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। 960 लोगों में चार अमेरिकी, नौ ब्रिटिश, छह चीनी, 379 इंडोनेशियाई, 110 बांग्लादेशी, 63 म्यांमार और 33 श्रीलंकाई नागरिक शामिल हैं। किर्गिस्तान 77, मलयेशियाई 75, थाई 65, वियतनामी 12, नौ सऊदी और तीन फ्रांसीसी नागरिकों को भी ब्लैकलिस्ट किया गया है और उनका वीजा रद्द कर दिया गया है।