महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार को हडपसर में एक अस्पताल के पास बम जैसी एक संदिग्ध वस्तु मिली, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इलाके को चारों ओर से घेर लिया गया और बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने डॉग स्क्वॉड के साथ मिलकर घटनास्थल का मुआयना किया। उस वस्तु को सुरक्षित रूप से हटा दिया गया।
पुणे में बुधवार को बम जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। यह संदिग्ध वस्तु हडपसर इलाके में एक अस्पताल के पास मिली, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत पूरे क्षेत्र को घेर लिया। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा और इलाके की जांच शुरू की। अब पूरे मामले की जांच आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच करने वाले विशेष दस्ते- एंटी टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) को सौंप दी गई है।
विज्ञापन
बम निरोधक दस्ते को तुरंत मौके पर भेजा गया
एक डॉक्टर को उषा किरण अस्पताल के वॉशरूम में घड़ी और टाइमर लगा एक बम जैसा उपकरण मिला। डॉक्टर ने तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दी। बीडीडीएस टीम ने वस्तु को पास के एक ग्लाइडिंग सेंटर ले जाकर निष्क्रिय कर दिया।
अस्पताल के भीतर कम तीव्रता वाले विस्फोटक?
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बीडीडीएस टीम के सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि टीम ने वस्तु को निष्क्रिय कर एक प्रशंसनीय काम किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उपकरण में कम तीव्रता वाले विस्फोटक थे।
विज्ञापन
जांच के दौरान क्या विवरण मिले?
पुणे पुलिस, अपराध शाखा और आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें आतंकी कोण भी शामिल है। अस्पताल के डॉक्टर विलास गायकवाड़ ने बताया कि शाम करीब 7:30 बजे दूसरी मंजिल के वॉशरूम में एक डिब्बे में यह वस्तु मिली थी। डॉक्टर ने यह भी बताया कि उपकरण के अंदर तारों से जुड़े टाइमर के साथ छड़ें थीं।
शुरुआती जांच में पुलिस को क्या संकेत मिले?
इससे पहले आईएएनएस के हवाले से आई सूचना के मुताबिक संदिग्ध सामान की शुरुआती जांच में ये स्पष्ट नहीं हो सका था कि वस्तु वास्तव में विस्फोटक थी या नहीं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सूचना मिलने के तत्काल बाद अस्पताल में स्थानीय पुलिस के अलावा बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमों को भी भेजा गया था।
क्या पाकिस्तानी गैंगस्टर से जुड़े हैं पुणे के चार लोगों के तार?
कई बार आतंकवाद का दंश झेल चुके महाराष्ट्र में बुधवार को पुणे से एक अन्य मामला भी सामने आया। इस मामले में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में आए 57 लोगों से पूछताछ की गई। इनमें चार लोग पुणे शहर के ही हैं। फिलहाल, पुलिस ने इनमें से किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। अब तक जिन 57 लोगों से पूछताछ की गई है, उन सभी के मोबाइल डिवाइस जब्त किए गए हैं। बताया जा रहा है कि कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जब्त किए गए हैं। पुणे एटीएस के साथ काम कर रहे पुलिस अधीक्षक (एसपी) के मुताबिक, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से गुप्त इनपुट के आधार पर इन 57 लोगों की पहचान की गई। अलग-अलग शहरों में छापेमारी के बाद इन्हें पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक शहजाद भट्टी इन लोगों को देश विरोधी गतिविधियों के लिए उकसा रहा था और बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था।