वेणु गोपाल ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनावों के होने और नियमित अध्यक्ष के चुने जाने तक सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर कार्यभार संभालेंगी। इसके साथ ही प्रेस वार्ता में कांग्रेस पार्टी की ओर से जम्मू और कश्मीर की वर्तमान स्थिति को लेकर चिंता भी व्यक्त की गई। कांग्रेस कार्यसमिति की ओर से केंद्र सरकार से सभी विपक्षी दलों के एक प्रतिनिधिमंडल को जम्मू-कश्मीर में जाकर हालात का जायजा लेने के लिए जाने देने की मांग की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पार्टी के नेता केसी वेणुगोपाल ने अंग्रेजी में तीनों प्रस्तावों को पढ़कर जानकारी दी। जबकि रणदीप सुरजेवाला ने उनका हिंदी अनुवाद किया। पहले प्रस्ताव में राहुल गांधी के नेतृत्व की प्रशंसा की गई। पहले प्रस्ताव में राहुल गांधी के नेतृत्व की प्रशंसा की गई। इसके बाद दूसरे प्रस्ताव में राहुल गांधी से अपना इस्तीफा वापस लेने के लिए कहा गया, जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया। ऐसे में सोनिया गांधी के समक्ष अध्यक्ष बनने के लिए प्रस्ताव रखा गया, जिसे उन्होंने कार्यसमिति की अगली बैठक होने तक अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर कार्य करने के रूप में स्वीकार कर लिया।
कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में अध्यक्ष पद पर बने रहने के नेताओं के अनुरोध को राहुल गांधी द्वारा अस्वीकार किए जाने के बाद शनिवार को पार्टी के नए अध्यक्ष के चयन को लेकर विस्तृत परामर्श का दौरा चला। सीडब्ल्यूसी की बैठक में सोनिया गांधी को कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है। बैठक में प्रियंका गांधी वाड्रा भी पहुंचीं। राहुल गांधी का काफी देर तक इंतजार होता रहा और वह करीब 9.30 बजे बैठक में पहुंचे।
सीडब्ल्यूसी बैठक के लिए पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, ए के एंटनी, मल्लिकार्जुन खड़गे और ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस दफ्तर पहुंचे।
राहुल गांधी कुछ देर में ही बैठक से बाहर आ गए। राहुल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पर चर्चा के लिए मुझे बुलाया गया था। कश्मीर पर प्रेजेंटेशन दिया गया। सरकार बताए कि राज्य में क्या हालात हैं। खबर मिली है कि कश्मीर में कुछ हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं इसी के लिए बैठक में आया था, अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया फिलहाल जारी है।
सोनिया-राहुल प्रक्रिया से अलग हुए
इससे पहले आज पार्टी संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी और अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके राहुल गांधी ने नया अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया से खुद को अलग कर लिया। नए अध्यक्ष को लेकर सुबह हुई सीडब्ल्यूसी बैठक के बाद नेताओं ने पांच अलग-अलग समूहों में मंथन किया। इन समूहों के परामर्श के आधार पर सीडब्ल्यूसी कोई फैसला करेगी।
राहुल-सोनिया चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं
कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने शनिवार को कहा कि वह और राहुल गांधी पार्टी के नए अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकते। कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक से बाहर निकलने के बाद सोनिया ने संवाददाताओं से कहा कि अध्यक्ष तय करने के लिए बातचीत की प्रक्रिया शुरू हुई है। मैं और राहुल इसका हिस्सा नहीं हो सकते। मेरा नाम बैठक के लिए गलती से शामिल हो गया था।
दरअसल, इस्तीफा देते समय राहुल गांधी ने स्पष्ट किया था कि गांधी परिवार का कोई व्यक्ति अध्यक्ष नहीं बनेगा और वह इसके चयन की प्रक्रिया में शामिल नहीं होंगे। सीडब्ल्यूसी की बैठक की शुरुआत में पार्टी संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, वरिष्ठ अहमद पटेल, एके एंटनी, गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे और कई अन्य नेता शामिल हुए। इस दौरान बैठक में पांच कमेटियों का गठन किया गया है। ये कमेटियां पूरे देश में जाकर कार्यकर्ताओं की राय लेंगी। जिसके बाद से कांग्रेस के अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। इसमें से एक कमेटी में सोनिया गांधी का नाम भी शामिल है।
हालांकि कमेटी में नाम शामिल होने पर सोनिया गांधी ने कहा कि वो गलती से छप गया था। वहीं राहुल गांधी ने कहा कि वह दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड जा रहे हैं। सोनिया और राहुल गांधी के बाहर निकल जाने के बाद फिर से कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक शुरू हो चुकी है जिसमें प्रियंका गांधी मौजूद हैं।
कमेटियां और सदस्य
पूर्वोत्तर क्षेत्र
अंबिका सोनी, अहमद पटेल, ओमान चांडी, हरीश रावत, दीपक बाबरिया, बालासाहब थोराट, अनुग्रह नारायण सिंह, केएच मुनियप्पा, एल फेलेरियो, मीरा कुमार, अरुण यादव और सचिन राव
पूर्व क्षेत्र
सोनिया गांधी, तरुण गोगोई, कुमारी शैलजा, केसी वेणुगोपाल, जितेंद्र सिंह, आरपीएन सिंह, पीएल पुनिया, शक्ति सिंह गोहिल, दीपेंद्र हुड्डा और सुस्मिता देव
उत्तरी क्षेत्र
प्रियंका गांधी वाड्रा, अविनाश पांडेय, ताम्रध्वज साहू, रघुवीर मीणा, पी चिदंबरम, ज्योतिरादित्य सिंधिया, पीसी चाको, आशा कुमारी, जी संजीव रेड्डी और रजनी पाटिल
पश्चिमी क्षेत्र
राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, गुलाम नबी आजाद, मोतीलाल वोरा, एके एंटनी, के सिद्दारमैया, जितिन प्रसाद, कुलदीप विश्नोई, श्रीनिवास बीवी और गौरव गोगोई
दक्षिणी क्षेत्र
मनमोहन सिंह, आनंद शर्मा, मुकुल वासनिक, अधीर रंजन चौधरी, रणदीप सुरजेवाला, तारिक हमीद कारा, लालजी देसाई, नीरज कुंडल और राजीव सातव