राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच, एनसीपी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार रविवार सुबह बारामती से मुंबई के लिए रवाना हो गए, जबकि अजित पवार की पत्नी और नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार देर रात बारामती लौट आईं। शरद पवार अपने भतीजे और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के चार दिन बाद मुंबई के लिए रवाना हुए।
पद की शपथ लेने के बाद लौटीं सुनेत्रा
सुनेत्रा पवार ने शनिवार को मुंबई में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पुणे जिले के बारामती स्थित अपने आवास लौट आईं। मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम और एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही अटकलों के बीच यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि शरद पवार और सुनेत्रा पवार के बीच कोई मुलाकात या बातचीत हुई या नहीं। वहीं, शरद पवार की बेटी और बारामती से लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले शनिवार को बजट सत्र में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गईं।
ये भी पढ़ें:
रेयर अर्थ कॉरिडोर का एलान, बैंकिंग रिफॉर्म के लिए हाई लेवल कमेटी बनेगी
‘12 फरवरी को होने वाला था विलय’
एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके दिवंगत भतीजे अजित पवार ने 12 फरवरी को एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की घोषणा करने की तारीख तय की थी। शरद पवार ने संकेत दिया कि अजित पवार के निधन के बाद अब एनसीपी (एसपी) और एनसीपी के बीच विलय प्रक्रिया में अड़चन आ सकती है।
सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण को लेकर उन्होंने कहा कि इस बारे में मुझसे कोई चर्चा नहीं हुई। यह फैसला पार्टी ने स्वयं लिया होगा। प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे ने पहल की होगी और संभव है कि पार्टी के भीतर ही यह निर्णय लिया गया हो।
ये भी पढ़ें:
Budget 2026-27: चुनावी राज्यों पर मेहरबान सरकार, हाई स्पीड रेल नेटवर्क से रेयर अर्थ कॉरिडोर तक की सौगात
प्रफुल्ल पटेल ने एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की खबरों का खंडन किया
इसी बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने मीडिया में चल रही उन खबरों को सिरे से खारिज किया है, जिनमें उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह की सभी रिपोर्टें पूरी तरह बेबुनियाद हैं और इनमें कोई सच्चाई नहीं है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी एक लोकतांत्रिक संगठन है और इतने बड़े फैसले हमारे वरिष्ठ नेताओं और विधायकों से सलाह-मशविरा करक, हमारे समर्पित पार्टी पदाधिकारियों से बात करके और हमारे सभी पार्टी सदस्यों की भावनाओं और सामूहिक इच्छा का सम्मान करते हुए ही लिए जाएंगे। एक राष्ट्रीय पार्टी होने के नाते हम इन मामलों में तय प्रक्रिया का पालन करते हैं।
शरद पवार से मिले पार्थ पवार
शनिवार को अजित पवार के बेटे पार्थ पवार बारामती स्थित गोविंदबाग आवास पर शरद पवार से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान सुप्रिया सुले, एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार और युगेंद्र पवार भी मौजूद थे। गौरतलब है कि 28 जनवरी को अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी के दोनों गुटों के बीच चल रही विलय वार्ताएं, जो पहले अंतिम चरण में बताई जा रही थीं, फिलहाल ठंडे बस्ते में प्रतीत हो रही हैं। इस मुद्दे पर प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे चुप्पी साधे हुए हैं, जबकि नारहरी जिरवाल जैसे नेता एकजुटता की अपील कर रहे हैं।