केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को पटना में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में कोदो, कुटकी और बाजरा फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य रागी के बराबर करने, तलछट प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय फ्रेमवर्क जारी करने, क्षेत्रीय परिषदें खनन, कुछ वस्तुओं पर केंद्रीय वित्तीय सहायता, बुनियादी ढांचे का निर्माण, भूमि अधिग्रहण और भूमि हस्तांतरण, जल बंटवारा, राज्य पुनर्गठन और सामान्य हित के अन्य मामलों सहित कई मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
ओडिशा में पत्नी की हत्या के बाद पति ने किया आत्मसमर्पण
पुलिस ने बताया कि ओडिशा के नयागढ़ जिले में एक 35 साल के व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पति को संदेह था कि वह किसी के साथ विवाहेतर संबंध में शामिल थी। आरोपी अर्जुन बाघा अपनी पत्नी धारित्री (30) के कटे हुए सिर के साथ खुद बनिगोचा पुलिस थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण किया। थाना प्रभारी लक्ष्मण दंडसेना ने बताया कि बिना सिर वाला धड़ भी बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
असम की एक किराना दुकान में बम
असम पुलिस ने बताया कि कोकारझार जिले में शनिवार शाम एक किराना दुकान में आसामाजिक तत्वों ने बम फेंक दिया, जिस वजह से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बम फटा नहीं और सभी लोग सुरक्षित हैं। घटना करीब रात आठ बजे की है। बम फेंकने की खबर जैसे ही इलाके में फैली, वैसे ही लोग दहशत में आ गए। दुकान के मालिक का कहना है कि किसने यह बम फेंका है, यह वह देख नहीं पाए।
निर्यात के लिए दी गई ब्याज छूट योजना के वास्तविक लाभार्थियों की पहचान जरूरी
निर्यात क्षेत्रों को दी गई ब्याज छूट योजना के वास्तविक लाभार्थियों की पहचान जरूरी है। यह संभव है कि एमएसएमई के बजाय कुछ बड़ी कंपनियां सबसे अधिक लाभ उठा रही हैं। वैश्विक व्यापार अनुसंधान पहल (जीटीआरआई) ने कहा, यह पता लगाना भी जरूरी है कि किन उत्पाद समूहों को सबसे अधिक कर्ज मिलता है। इस योजना के माध्यम से छोटी फर्मों की सहायता करने में बैंकों की भी जांच की जानी चाहिए।
वैश्विक व्यापार अनुसंधान पहल (जीटीआरआई) ने शनिवार को कहा, सरकार ने रुपया निर्यात कर्ज की सुविधा को 30 जून तक बढ़ा दिया है। सब्सिडी योजना के तहत 2,500 करोड़ रुपये के अतिरिक्त आवंटन को मंजूरी दी गई है। यह योजना एक अप्रैल, 2015 को शुरू की गई थी और इसकी अवधि 31 मार्च, 2020 तक ही रखी गई थी। बाद में कोरोना के समय इसे एक साल के लिए और फिर बाद में इसकी तारीख और बढ़ा दी गई थी। जीटीआरआई के सह-संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने कहा, क्या कुछ वस्तुओं, जैसे कम मात्रा, उच्च मूल्य वाले सामान को बाहर रखा जाना चाहिए, जिनका दुरुपयोग होने की आशंका है। इसकी पूरी सच्चाई विस्तृत अध्ययन से ही सामने आ सकती है।
मणिपुर : महिला की हत्या में 9 के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल
सीबीआई ने मणिपुर में जातीय हिंसा के दौरान 55 वर्षीय नगा महिला की हत्या के मामले में नौ लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है। उसे राज्य के केइबी गांव में 15 जुलाई को उग्र भीड़ ने मार डाला था। राज्य सरकार के अनुरोध पर केंद्रीय जांच ब्यूरो ने इंफाल पूर्व के लमलाई पुलिस स्टेशन में दर्ज मामला अपने हाथ में ले लिया था। सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि आरोप था कि 15 जुलाई को एक महिला को हथियारबंद बदमाशों सहित लगभग सौ लोगों की भीड़ ने सावोमबंग गेट से अपहरण कर लिया। उसे कार से केइबी गांव की ओर ले जाया गया। बाद में उसी दिन महिला का शव बरामद किया गया था।
केरल : शोक संदेश पोस्ट करने के बाद युवक ने की आत्महत्या
अलुवा के एक 28 वर्षीय व्यक्ति ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर अपने लिए शोक संदेश पोस्ट करने के बाद आत्महत्या कर ली। अजमल शरीफ का शव अपने घर के एक कमरे के अंदर लटका हुआ पाया गया। अच्छी नौकरी नहीं मिलने से वह अवसाद में था। अजमल के इंस्टाग्राम पेज पर 14 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। आत्महत्या से पहले अजमल ने अपनी तस्वीर के कैप्शन में रिप अजमल शरीफ 1995-2003 लिखकर इंस्टाग्राम पोस्ट डाला था।
शिवसागर जिले में भी विस्फोट
कोकारझार जिले के अलावा, अमस के ही शिवसागर जिले के तिनसुकिया इलाके में भी शाम को एक आवासीय इमारत में विस्फोट हो गया। पुलिस को संदेह है कि सिलेंडर फटने के कारण विस्फोट हुआ है। विस्फोट में तीन लोग घायल हो गए। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है कि विस्फोट किस वजह से हुआ।
मणिपुर में बड़े पैमाने पर हथियार और विस्फोटक बरामद
असम राइफल और थौबल पुलिस के साझा अभियान में शनिवार को बड़े पैमाने पर हथियार और विस्फोटक बरामद हुआ। असम राइफल के अधिकारियों ने एक बयान जारी कर बताया कि सलाम पतोंग और मोइदांगपोक में युद्ध जैसे हथियारों के भंडार मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने गुप्त सूचना के आधार पर इलाके को घेरकर गहन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को दो घातक हथियार, एक दर्जन हथगोले, 40 मिमी के तीन गोले, आंसू गैस के गोले, दो रेडियो सेट और दो आर्मिंग रिंग बरामद हुए
40 फीसदी कमीशन के मामले में कर्नाटक सरकार की जांच पर रोक
कुछ ठेकेदारों की ओर से सरकारी ठेकों में 40 प्रतिशत कमीशन के आरोपों की जांच के लिए हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एचएन नागमोहन दास के नेतृत्व में एक सदस्यीय जांच आयोग गठित करने के सरकारी आदेश पर कर्नाटक हाईकोर्ट ने रोक लगा दी। राज्य सरकार ने 2019-20 से 2022-23 के बीच शहरी विकास, जल संसाधन, लघु सिंचाई और ग्रामीण विकास, लोक निर्माण और पंचायत राज विभागों में आवंटित कार्यों में कमीशन के आरोपों की जांच के लिए इस साल 5 अगस्त को आदेश जारी किया था।
न्यायमूर्ति एम नागप्रसन्ना ने कई ठेकेदारों की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई की। उन्होंने सरकारी आदेश पर रोक लगाते हुए कहा, जब तक राज्य सरकार विवादित आदेश जारी करने या एक सदस्यीय जांच आयोग गठित करने की अपनी कार्रवाई को उचित नहीं ठहराती, तब तक आगे की सभी कार्यवाही पर रोक रहेगी। उन सभी कार्यों की जांच के लिए एक विशेष जांच सेल का गठन किया है। इसे निक्षेप इंफ्रा प्रोजेक्ट्स और 44 अन्य ठेकेदारों ने याचिका दायर कर चुनौती दी है।
तंबाकू कंपनियों का समर्थन के लिए इन अभिनेताओं को नोटिस
एक अवमानना याचिका का जवाब देते हुए डिप्टी सॉलिसिटर जनरल एसबी पांडे ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ को बताया कि सीसीपीए ने 20 अक्तूबर को तंबाकू कंपनियों का समर्थन करने के लिए शाहरुख खान, अक्षय कुमार और अजय देवगन को नोटिस जारी किया था। बता दें, मामले की अगली सुनवाई 9 मई 2024 को होगी।
पुणे के ओशो आश्रम की जमीन बिक्री का प्रस्ताव रद्द
पुणे में ओशो आश्रम की 3 एकड़ जमीन बेचने का प्रस्ताव मुंबई के जॉइंट चैरिटी कमिश्नर ने रद्द कर दिया है। ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन और बजाज ऑटो के राजीव बजाज में जमीन बेचने के समझौते के तहत बजाज के दिए 50 करोड़ रुपए वापस लौटाने को कहा गया है। वहीं साल 2005 से 2023 तक फाउंडेशन की वित्तीय गतिविधियों की विस्तृत ऑडिट रिपोर्ट बनाने को भी कहा गया है। शहर के पॉश इलाके कोरेगांव स्थित ओशो इंटरनेशनल मेडिटेशन रिसोर्ट (ओशो आश्रम) की जमीन बेचने का विरोध करते हुए ओशो के अनुयायियों ने हस्तक्षेप की मांग की थी। ज्यूरिख से संचालित फाउंडेशन ने दिसंबर 2020 में दावा किया था कि वही आश्रम का मालिक है, इसलिए उसे जमीन बेचने दी जाए। इसके ट्रस्टी मुकेश सादरा व अन्य का कहना था कि कोविड महामारी के दौरान आश्रम की आर्थिक स्थिति बिगड़ी है, संचालन मुश्किल हो गया है, इसलिए धन की जरूरत पूरी करने के लिए जमीन बेचना जरूरी हो गया है। उन्होंने दावा किया था कि महामारी में आश्रम को 3.37 करोड़ रुपए का घाटा हुआ।
3.30 लाख बुजुर्गों, दिव्यांगों ने घर में मतदान का लाभ उठाया
पिछले 11 विधानसभा चुनावों में कम से कम 3.30 लाख दिव्यांगों और 80 साल या इससे अधिक उम्र के मतदाताओं ने घर पर मतदान की सुविधा का लाभ उठाया है। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। दिव्यांग व्यक्ति, 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता और कोविड से पीड़ित लोग घर पर मतदान की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। निर्धारित गोपनीयता मानदंडों के तहत मतपत्र का उपयोग करके घरेलू मतदान विकल्प का प्रयोग किया जाता है और इस प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाती है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और मतदान कर्मी पूर्व निर्धारित समय पर ऐसे मतदाताओं के आवास पर जाते हैं जो घर पर मतदान का विकल्प चुनते हैं।
ममता ने प्रधानमंत्री मोदी से मिलने का वक्त मांगा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून (मनरेगा) का फंड जारी करने के सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात का वक्त मांगा है। ममता ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर समय देने का अनुरोध किया है। ममता 18 से 20 दिसंबर तक दिल्ली की यात्रा पर रहेंगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी है कि यदि प्रधानमंत्री इस दौरान उन्हें मुलाकात का वक्त नहीं देते हैं तो जो जरूरी होगा वह करेंगी।
भारत के साथ अधिक गहराई से जुड़ना चाहती है दुनिया : पीयूष
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, भारत की पर्याप्त मांग के कारण उसके साथ और अधिक गहराई से जुड़ने की आवश्यकता को इस समय पूरी दुनिया पहचान रही है। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स एंड अप्लायंसेज मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के 44वें वार्षिक पुरस्कार समारोह में उन्होंने कहा, भारत में अवसर बहुत बड़े हैं। हमारे सामने आने वाले अवसर और भी बड़े होंगे। दुनिया भारत में उन अवसरों को देखती है।
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की दो किस्तों में सस्ते में निवेश का मौका
सरकार सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में फिर से निवेश का मौका मिलेगा। पहली किस्त 18-22 दिसंबर को खुलेगी। दूसरी किस्त 12-16 फरवरी को खुलेगी। हालांकि, इन दोनों किस्तों की दरें बाद में घोषित की जाएंगी। इस बॉन्ड की परिपक्वता अवधि आठ साल की होती है, पर पांच साल पूरा होने पर भी इससे निकलने का विकल्प होता है। पांच साल में निकलने पर 20.80 फीसदी टैक्स लगता है, जबकि परिपक्वता पर कोई टैक्स नहीं लगता है।
कोटा की स्कूली छात्रा ने घर में फांसी लगाकर दी जान
कोटा की बापू कॉलोनी में स्कूली छात्रा निकिता कोली (15) ने अपने कमरे की छत के पंखे से फांसी लगा ली। वह सरकारी स्कूल की 10वीं की छात्रा थी। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के पीछे का कारण अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बताया कि लड़की के पिता उस समय घर से बाहर थे। मकान मालिक ने उन्हें फोन करके घटना की जानकारी दी।