राज्यसभा में बृहस्पतिवार को सरकार ने कहा कि चीन के साथ तनातनी वाली जगह दोकलम, उसके आस-पास के क्षेत्र और यथास्थिति में कोई नया बदलाव नहीं हुआ है।
विदेश मंत्री
सुषमा स्वराज ने राज्यसभा में एक लिखित जवाब में कहा कि भारत लगातार यह बात कहता रहा है कि ऐसी समस्याओं का समाधान केवल कूटनीतिक माध्यमों से ही निकाला जा सकता है।
उन्होंने कहा कि लगातार राजनैतिक संचार के आधार पर दोकलम इलाके में भारत और चीनी सैनिकों ने पिछले 28 अगस्त को अपनी-अपनी टुकड़ियों को हटा लिया था।
सेना हटाने के बाद से
दोकलम और उसके आस-पास वाले इलाकों में कोई नया बदलाव नहीं हुआ है। दोकलम में यथास्थिति बनी हुई है। बता दें कि पिछले महीने ऐसी खबरें आई थीं कि सिक्किम के पास दोकलम में एक संपूर्ण सैन्य परिसर के निर्माण में लगा है।
अरुणाचल प्रदेश में चीन द्वारा सड़क निर्माण के एक अन्य सवाल के जवाब में विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने कहा कि
भारतीय सेना के एक दस्ते ने गश्त के दौरान देखा था कि पिछले साल 28 दिसंबर को ऊपरी सियांग जिले में स्थित शियुंग ला इलाके में तीन चीनी नागरिक निर्माण कार्य कर रहे हैं।
गश्ती को देखते हुए तीनों चीनी नागरिक वापस वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) में चीनी तरफ लौट गए।