भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ट्विटर पर आम लोगों से आसानी से जुड़ने और उनकी परेशानियों का समाधान करने के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने ट्विटर के जरिए लोगों के बीच में अपनी अलग पहचान बनाई है, जिसकी अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना की जा रही है।
सुषमा स्वराज की ट्विटर पर लोगों के बीच सक्रिय भूमिका को ख्यात फॉरेन पॉलिसी मैगजीन ने सराहा है। मैगजीन ने 2016 की ग्लोबल थिंकर्स लिस्ट तैयार की है जिसमें विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को जगह दी है। ग्लोबल थिंकर्स लिस्ट में नाम शामिल किए जाने पर प्रधानमंत्र नरेंद्र मोदी ने विदेश मंत्री को बधाई दी है।
फॉरेन पॉलिसी मैगजीन ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन, जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल, संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बान की मून और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडियो के साथ 'डिसीजन मेकर्स' कैटेगरी में शामिल किया है।
सुषमा स्वराज को अपनी लिस्ट में शामिल करते हुए मैग्जीन ने उन्हें 'ट्विटर डिप्लोमेसी' को नए तरह से तराशने वाला बताया है। विदेश मंत्री के ट्विटर पर करीब 70 लाख फॉलोअर्स हैं। वे ट्विटर पर पासपोर्ट को लेकर लोगों को आ रही दिक्कतों से लेकर विदेशों में फंसे भारतियों को भारत लाने तक के मुद्दों को सुलझाती हैं।