सुशांत सिंह राजपूत केस की जांच कर रहे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अधिकारी जल्द ही बड़ा खुलासा कर सकते हैं। ड्रग्स लेन-देन के मामले में रिया चक्रवर्ती के छोटे भाई शौविक चक्रवर्ती और सुशांत सिंह राजपूत के फ्लैट मैनेजर सैमुअल मिरांडा, जिन्हें शनिवार को पूछताछ के लिए 9 सितंबर तक एनसीबी रिमांड पर भेजा गया है, उनसे अहम जानकारी मिली है। यदि उसी एंगल पर जांच आगे बढ़ती है तो रिया चक्रवर्ती के अलावा बॉलीवुड, क्रिकेट और राजनीति के कई दिग्गज भी एनसीबी की पूछताछ के लपेटे में आ सकते हैं।
जांच एजेंसी को शौविक चक्रवर्ती और सैमुअल मिरांडा से इतना तो पता लग गया है कि इस मामले में ड्रग सिंडिकेट की लंबी चौड़ी चेन है। रिमांड के दौरान अब उस चेन की आखिरी कड़ी तक पहुंचा जाएगा। एनसीबी के पास ड्रग एंगल को लेकर जितने भी इलेक्ट्रॉनिक सबूत हैं, वे रिया के अलावा दूसरे आरोपियों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त हैं।
एनसीबी के टॉप सूत्रों के अनुसार, ड्रग्स लेन-देन के मामले में रिया चक्रवर्ती के छोटे भाई शौविक चक्रवर्ती और सुशांत सिंह राजपूत के फ्लैट मैनेजर सैमुअल मिरांडा ने प्रारंभिक पूछताछ में बहुत कुछ बता दिया है। कम से कम वह एंगल तो ठीक दिशा में जा रहा है, जिसे सामने रखकर इस मामले की जांच शुरू की गई थी। अभी तक दर्जनभर लोगों से पूछताछ की गई है, इसमें कई गप्पी यानी ड्रग पेडलर भी शामिल हैं। उसके अलावा रिया चक्रवर्ती और शौविक चक्रवर्ती की व्हॉट्सएप चैट में ड्रग्स को लेकर जो बातें की गई हैं, वहां से केस की राह ज्यादा आसान होती चली गई।
सुशांत केस की मौत के मामले में मुख्य आरोपी रिया चक्रवर्ती को अब कभी भी गिरफ्तार किया जा सकता है। हिरासत में लेकर पूछताछ करने के लिए जांच एजेंसी ने पर्याप्त साक्ष्य जुटा लिए हैं। सुशांत सिंह राजपूत के रसोइया दीपक सावंत से भी पूछताछ हो चुकी है। हालांकि अभी तक वह गवाह की भूमिका में है। जांच एजेंसी अब यह मालूम करने में लगी है कि ड्रग सिंडिकेट की जड़ें कहां तक हैं।
सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में ड्रग सिंडिकेट का जब पर्दाफाश होगा तो बॉलीवुड के अलावा क्रिकेट जगत में भी हलचल मच सकती है। साथ ही मुंबई में खासा प्रभाव रखने वाले कई राजनेताओं के भी जांच के लपेटे में आने की संभावना है।
रिया चक्रवर्ती के दो मोबाइल फोन की क्लोनिंग...
एनसीबी ने इस मामले में शोविक और मिरांडा के अलावा जैद विलात्रा और अब्दुल बासित परिहार को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की है। अभी तक रिया चक्रवर्ती के दो मोबाइल फोन की क्लोनिंग हो चुकी है। जांच एजेंसी ने ड्रग सप्लाई के रूट का पता लगा लिया है। इस एंगल पर जब गिरफ्तारियां शुरू होंगी तो आरोपियों की संख्या दर्जनों में जा सकती है। दूसरी ओर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई ने रिया से करीब 30 घंटे तक पूछताछ की थी, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ।
अब जांच एजेंसी ने शनिवार को क्राइम सीन दोबारा से रीक्रिएट कर कुछ ठोस साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया है। सूत्र बताते हैं कि सीबीआई टीम से पहले मुंबई पुलिस सुशांत के घर को खंगाल चुकी थी।कई अहम सबूतों के साथ कथित छेड़छाड़ होने की बात सामने आई है। यही वजह है कि सीबीआई के साथ अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के डॉक्टर भी सुशांत के घर पहुंचे थे। एम्स की फोरेंसिक टीम यह पता लगा रही है कि सुशांत सिंह ने आत्महत्या की थी या उनकी हत्या हुई है।