सुशांत सिंह राजपूत-रिया चक्रवर्ती (फाइल फोटो)
- फोटो : file photo
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती के मोर्चरी में जाने को लेकर कई तरह के सवाल उठते रहे हैं। अभिनेता के परिवार के वकील से लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने इसपर आपत्ति जताई थी। वहीं अब एक गवाह सामने आया है। जिसने मोर्चरी में रिया चक्रवर्ती को सबकुछ करते हुए देखा।
करणी सेना के सदस्य सुरजीत सिंह राठौड़ ने मोर्चरी में रहने का दावा किया है। उन्होंने शनिवार को कहा कि यदि सीबीआई की टीम उनसे पूछताछ करती है तो वह एजेंसी को सबकुछ बताने के लिए तैयार हैं। राठौड़ ने दावा किया कि वे कूपर अस्पताल की मोर्चरी में मौजूद थे, जहां सुशांत के शव का पोस्टमॉर्टम हुआ था। उन्होंने कहा कि इस दौरान रिया का व्यवहार दोषी की तरह था। अभिनेत्री ने सुशांत का शेव देखने के बाद 'सॉरी बाबू' कहा था।
समाचार एजेंसी एएनआई से सुरजीत ने कहा, ‘मैं 15 जून को कूपर अस्पताल में था। करणी सेना के राज्य प्रमुख ने मुझे वहां जाने को कहा था। स्टाफ से अपील करने पर रिया चक्रवर्ती को सुशांत का शव देखने की अनुमति दी गई। मैंने जैसे ही चादर हटाई रिया ने अपना हाथ सुशांत के सीने पर रखा और 'सॉरी बाबू' कहा।’
करणी सेना के सदस्य ने यह भी दावा किया है कि सुशांत की मौत के पीछे फिल्म निर्माता संदीप सिंह अहम मास्टरमाइंड हैं। उन्होंने कहा, 'मैं मानता हूं कि संदीप सिंह इस मामले में मास्टरमाइंड हैं। मैं इसके लिए मुंबई पुलिस के पास भी गया था। मैंने डीसीपी अभिषेक त्रिमुखे से संपर्क किया। वे मुझसे मिले और जो मैंने कहा उसे लिखकर देने को कहा। मैंने ऐसा ही किया लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। यदि सीबीआई की टीम मुझसे संपर्क करती है तो मैं सबकुछ बताने को तैयार हूं। मैं सुशांत के परिवार के साथ हूं और हम चाहते हैं कि उन्हें न्याय मिले।'