कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की उत्तर प्रदेश के देवरिया से शुरू हुई किसान यात्रा गुरुवार को दिल्ली में आकर खत्म हुई। इस मौके पर समर्थकों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर बड़ा हमला किया। उन्होंने कहा, जो हमारे जवान हैं, जिन्होंने अपना खून दिया है...जम्मू-कश्मीर में जिन्होंने अपना खून दिया है....जिन्होंने हिंदुस्तान के लिए सर्जिकल स्ट्राइक किया है। उनके खून के पीछे आप छिपे हुए हो, उनकी आप दलाली कर रहे हो, यह बिल्कुल गलत है। हिंदुस्तान की सेना ने हिंदुस्तान का काम किया है, आप अपना काम कीजिए...
गुरुवार को राहुल गांधी ने मेरठ से दिल्ली की ओर जाते समय साहिबाबाद सब्जी मंडी कट पर दोपहर करीब सवा दो बजे स्वागत के दौरान युवाओं से सीधा संवाद भी किया। उन्होंने युवाओं का नाम जानने के बाद पूछा कि क्या उनके खाते में 15 लाख रुपए आए? युवाओं ने नहीं में जवाब दिया।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि मोदी ने किसानों के कर्ज माफ करने का वादा किया था, लेकिन ढाई साल में 15 उद्योगपतियों के एक लाख 10 हजार करोड़ रुपये माफ कर दिए, जबकि कर्ज में दबे किसान आत्महत्या कर रहे हैं। युवा आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो किसानों के कर्ज माफ होंगे और बिजली-पानी के बिल आधे होंगे।
WATCH: You are doing 'Dalali' of their(Jawans) blood: Rahul Gandhi to PM Modi pic.twitter.com/9FyidaF6uj
— ANI (@ANI_news) October 6, 2016
कभी किसानों की बात सुनने का भी समय निकालें मोदी
- फोटो : file photo
इससे पहले मुरादनगर में असालतनगर स्थित कांग्रेस के चुनाव प्रचार समिति के जिलाध्यक्ष देवदत्त त्यागी के फार्म हाउस पर स्वागत के दौरान राहुल ने कहा कि किसान यात्रा के पीछे हमारी तीन मांगें हैं, कर्जा माफ, बिजली बिल हाफ और किसान को फसल का सही दाम। उन्होंने कहा कि यदि मोदी ने यह नहीं किया तो यूपी में कांग्रेस की सरकार बनने पर मात्र 10 दिन में हम उक्त फैसले लेंगे।
विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए राहुल ने कहा कि मोदी अमेरिका, चीन, जापान जाते रहते हैं, हम चाहते हैं कि प्रधानमंत्री देश के किसानों, गरीबों की बात भी सुनें। कभी-कभी किसान, छोटे दुकानदार और बेरोजगार युवाओं से बात करने का भी समय निकालें। मंच पर प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी, सुरेंद्र गोयल, देवदत्त त्यागी, विश्वदीप त्यागी आदि मौजूद रहे।