केंद्र सरकार ने बुधवार देर शाम पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में 29 सितंबर 2016 को घुसकर की गई भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक का करीब आठ मिनट का वीडियो 21 महीने बाद पहली बार जारी किया। हालांकि सरकार या सेना की तरफ से इतने लंबे अरसे बाद अचानक वीडियो जारी करने का मकसद नहीं बताया गया है।
लेकिन सांबा से केरन के बीच करीब 250 किलोमीटर के फैलाव वाले क्षेत्र में एकसाथ की गई ये सर्जिकल स्ट्राइक अपनेआप में बेहद खास थी। दुश्मन के इलाके में घुस कर की जाने वाली सैन्य कार्रवाई के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा दायरा और तरीका इस स्ट्राइक में इस्तेमाल किया गया। इसके खतरे और जोखिम का स्तर भी सबसे ज्यादा रहा।
साथ ही ऐसा पहली बार हुआ है, जब सरकार और सेना की तरफ से सर्जिकल स्ट्राइक की जिम्मेदारी औपचारिक तौर पर ली गई, जबकि इससे पहले भी दर्जन से ज्यादा बार पाकिस्तान और पूर्वी सीमा से लगे देशों में सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया जा चुका है।