केंद्रीय कैबिनेट में रविवार को फेरबदल के तुरंत बाद रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने ट्वीट करके मंत्रालय छोड़ने का इशारा दे दिया है। उन्होंने पहले शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को बधाई देते हुए रेल परिवार को प्यार और सपोर्ट के लिए धन्यवाद कहा।
उन्होंने ये भी लिखा कि सभी 13 लाख रेल कर्मचारियों का धन्यवाद किया और कहा कि ये यादें मेरे साथ हमेशा जुड़ी रहेंगी।
Congrats to @dpradhanbjp @PiyushGoyal @nsitharaman @naqvimukhtar for their new responsibilities Best wishes for great success
— Suresh Prabhu (@sureshpprabhu) September 3, 2017
Thanks to all 13 Lacs+ rail family for their support,love,goodwill.I will always cherish these memories with me.Wishing u all a great life
— Suresh Prabhu (@sureshpprabhu) September 3, 2017
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में एक हफ्ते में हुए दो रेल हादसों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन उस वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फिलहाल इंतजार करने को कहा था। उत्तर प्रदेश के खतौली में और औरैया में हुए हादसों के बाद से विपक्ष उनके इस्तीफे की मांग कर रहा था।
प्रभु ने कई ट्वीट करके इस्तीफे का इरादा जताया था। उन्होंने कहा था कि दुर्भाग्यपूर्ण हादसों में बहुमूल्य जानें जाने और यात्रियों के घायल होने से वे बहुत दुखी हैं। इस संदर्भ में उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात की और हादसों की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए अपना पद छोड़ने की पेशकश की है।
इस पर पीएम ने उन्हें प्रतीक्षा करने को कहा। इससे पहले के ट्वीट में उन्होंने लिखा था कि रेल मंत्री के रूप में तीन साल से भी कम समय में रेलवे को नई ऊचाइयों पर ले जाने के लिए उन्होंने अपना खून-पसीना एक कर दिया। दशकों से चली आ रही उपेक्षा के असर को दूर करने के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कई कदम उठाए गए। सभी क्षेत्रों में प्रणालीगत सुधार करने से न सिर्फ निवेश में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई बल्कि दूसरी कई उपलब्धियां भी हासिल हुईं।