कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार वरिष्ठ राजनयिक रुद्र गौरव श्रेष्ठ को शुक्रवार को प्रधानमंत्री कार्यालय में विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) के पद पर नियुक्त किया गया। 1999 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी श्रेष्ठ वर्तमान में भूटान के थिम्पू में डिप्टी चीफ आफ मिशन के तौर पर तैनात हैं। उन्होंने मोजाम्बिक में देश के उच्चायुक्त के रूप में भी काम किया है। आदेश में कहा गया है कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने पीएमओ में ओएसडी के रूप में उनकी नियुक्ति उनके कामकाज संभालने की तिथि से मंजूर की है।
अजय बिसारिया होंगे कनाडा में अगले भारतीय उच्चायुक्त
पाकिस्तान में भारत के उच्चायुक्त अजय बिसारिया को कनाडा का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया गयी है। वह जल्द ही अपना कार्यभार संभाल लेंगे। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। बिसारिया 1987 बैच के आईएफस अधिकारी हैं। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म किए जाने और राज्य के पुनर्गठन के बाद पाकिस्तान के साथ बढ़े हुए तनाव के दौरान वह भारत लौट आए थे। दरअसल पाकिस्तान ने उन्हें वापस बुलाने को भारत को कहा था।
फरवरी 2017 से नवंबर 2019 तक विकास स्वरूप कनाडा में भारत के उच्चायुक्त थे। स्वरूप अभी सचिव (पश्चिम) के तौर पर विदेश मंत्रालय में कार्यरत है। इससे पहले 28 जनवरी को वरिष्ठ राजनयिक तरणजीत सिंह संधू को अमेरिका में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया था। वह मौजूदा राजदूत हर्षवर्धन श्रृंगला की जगह लेंगे।