सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को ईस्टर्न व वेस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के फंड पर मतभेद को लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सरकार के प्रतिनिधियों से बातचीत करने के लिए कहा है। वहीं शीर्ष अदालत ने दिल्ली सरकार को इस परियोजना के लिए अंतरिम तौर पर 1000 करोड़ रुपये जारी करने का निर्देश दिया है।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस द्वारा बीएस-4 मानक वाले वाहन की खरीदी पर नाराजगी जताई। कोर्ट ने कहा कि जब बीएस-छह मानक वाले वाहन उपलब्ध हैं तो बीएस-चार वाहनों की खरीदारी क्यों की गई। मालूम हो कि अगले वर्ष एक अप्रैल से सिर्फ बीएस-छह मानक वाले वाहनों का ही पंजीकरण होगा। कोर्ट ने कहा कि यह जरूर है कि बीएस-छह वाहन महंगे हैं, लेकिन उनसे प्रदूषण कम होता है। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने बीएस-चार वाहनों की खरीदारी क्यों की। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को इस पर विचार करने के लिए कहा है।