सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग की उस याचिका पर केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया जिसमें गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं पर कोरोना वैक्सीन के असर पर अध्ययन और वैक्सीन लगवाने वाली ऐसी महिलाओं की निगरानी की मांग की गई थी। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को दिव्यांग व्यक्तियों के लिए उनके निवास स्थान पर प्राथमिकता के आधार पर कोरोना टीकाकरण की मांग करने वाली जनहित याचिका पर भी केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है। इस याचिका में दिव्यांगजनों के लिए कोविन ऐप की जगह दूसरा सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध करवाने की भी मांग की गई है। वहीं अब इस मामले की सुनवाई दो हफ्ते बाद होगी।