हिंसाग्रस्त मणिपुर में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने मणिपुर स्थित खोंगसांग रेलेव स्टेशन को खोल दिया है। खोंगसांग स्टेशन नवीनतम स्टेशन है, जिसे 2022 में जिरिबाम-इंफाल नई लाइन परियोजना के तहत चालू किया गया था। मणिपुर में मौजूदा कानून एवं व्यवस्था की स्थिति के कारण लाइन को बंद कर दिया गया था।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी सब्यसाची डे ने बताया कि रेलवे ने मणिपुर के व्यापारियों को सामग्रियों की बुकिंग सुविधाजनक बनाने के लिए इंफाल में एक विपणन निरीक्षक को विशेष तौर पर प्रतिनियुक्त किया है। यह विपणन निरीक्षक व्यापारियों की मदद के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगे। खोंगसांग स्टेशन के खुलने से मणिपुर के सभी व्यापारी अब आवश्यक वस्तुओं के बुकिंग की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
खोंगसांग गुड्स शेड दैनिक आधार पर सुबह छह बजे से शाम को चार बजे तक खुला रहेगा। राज्य को विशेष सुविधा देते हुए फिलहाल मणिपुर के लिए वैगनों के पीसमील बुकिंग की अनुमति दी गई है। महाराष्ट्र से प्याज, पश्चिम बंगाल से आलू और असम से एफएमसीजी उत्पाद पहले ही राज्य के लिए बुक किए जा चुके हैं। डे ने बताया कि इसके शुरू होने से मणिपुर के लोगों को काफी मदद मिलने की उम्मीद है।