जम्मू-कश्मीर के सुंजवां में शहीद हुए सेना के जवानों के मसले पर कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि यह बहुत चिंता की बात है कि NDA सरकार के 2014 में सत्ता में आने के बाद से जम्मू-कश्मीर में सेना पर 14 बड़े आतंकी हमले हुए हैं।
सुरजेवाला ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हैं कि वह विश्व के किसी भी कोने में हों, इस मामले को व्यक्तिगत तौर पर देखें और यह सुनिश्चित करें कि आतंकी मारे जा रहे हैं और सेना को हर संभव मदद दी जा रही है।
सुरजेवाला ने कहा कि पीएम मोदी जब गुजरात के सीएम थे तब वह कहते थे कि UPA सरकार में आतंकियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती लेकिन हम कोई राजनैतिक टिप्पणी नहीं करेंगे। हम सरकार और सेना के साथ हैं।
वहीं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सुरजेवाला के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसे मौके पर कांग्रेस को राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस की खून और सेना पर की जा रही राजनीति की निंदा भी की।
जम्मू-कश्मीर की सीएम महबूबा मुफ्ती ने भी इस हमले पर चिंता जाहिर करते हुए दुख जताया। उन्होंने कहा कि मैं इस हमले से बहुत परेशान हूं और जिन परिवारों को इस हमले की वजह से नुकसान हुआ है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं। उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने भी इस हमले की निंदा की।
इस हमले में पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यह हमला सच में परेशान करने वाला है। अपेक्षा है कि आगे की कार्रवाई बिना किसी की जान जाये होगी। वहीं गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकियों के खिलाफ हमारा अभियान सफल रहा है और हमें विश्वास है कि हमारे जवान मिशन को सफल बनाएंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि पूरा देश सेना के साथ खड़ा है। मैं आर्मी कैंप पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। इस हमले में शहीद हुए 6 भारतीयों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।