लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन अपने हंसमुख स्वभाव और सदन का माहौल हमेशा हल्का फुल्का रखने के लिए जानी जाती हैं, लोकसभा में नजारा कितना तल्ख हो लेकिन अपनी व्यंगात्मक और चुटीली टिप्पणियों से स्पीकर हमेशा माहौल को हल्का करने का प्रयास करती रही हैं। स्पीकर के इस अंदाज की प्रशंसा सत्तापक्ष के साथ-साथ विपक्ष के नेता भी करते हैं। बुधवार को भी स्पीकर की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पर की गई एक टिप्पणी पर पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा।
असल में हुआ ये कि विदेशों में भारतीयों पर हो रहे हमलों के मामले में पर्याप्त कार्यवाही न करने के आरोपों से जूझ रही केंद्र सरकार की ओर से आज विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने लोकसभा में अपना बयान दिया।
सुषमा ने इस दौरान विपक्ष के तमाम आरोपों का जवाब देते हुए विस्तार से बताया कि कैसे अमेरिका में भारतीय इंजीनियर की हत्या के बाद उन्होंने तुरंत उसके परिवार से बात कर पूरी मदद का भरोसा दिलाया और इसके बाद अमेरिका में भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों को दूसरे पीड़ित भारतीय युवक से हालचाल जानने के लिए भेजा।