गुजरात की आयशा ने पिछले दिनों अहमदाबाद की साबरमती नदी में कूद कर जान दे दी थी। उस वक्त उसने एक वीडियो भी बनाया था। आयशा के पति आरिफ पर आरोप है कि शादी के बाद वो आयशा को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा था और उसे पीटता था। अब आरिफ पुलिस की गिरफ्त में है।
आरिफ ये करता था काम
परिवारजानों के मुताबिक आयशा का पति आरिफ अपने पिता बाबू खान के साथ जालौर की एक ग्रेनाइट फैक्ट्री में काम करता था। साथ ही वह दुकान भी करता था, उसने अपनी दो दुकानों को किराए पर दे रखा था और खुद ग्रेनाइट फैक्ट्री में सुपरवाइजर के पद पर था।
आयशा को भी जालौर काफी पसंद था। जालौर के राजेंद्र नगर में आयशा का ननिहाल है। वह छुट्टी होने पर हमेशा यहां आती थी। जालौर शहर के अस्पताल चौराहा निवासी आरिफ पुत्र बाबू खान के साथ वर्ष 2018 में आयशा की शादी हुई थी। आयशा के मामा ने बताया कि दहेज के लालच में ससुराल वाले उसे नियमित प्रताड़ित करते थे, जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
आयशा ने क्या कहा आखिरी वीडियो में
आयशा ने आखिरी वीडियो नदी पर बनाई और उसने ने कहा - जो कर रही हूं, अपनी मर्जी से कर रही हूं। आयशा आगे कहती हैं कि अब बस क्या कहें, खुदा की दी हुई जिंदगी बस इतनी ही थी। डैड, कब तक लड़ोगे, अब केस वापस ले लो।
आयशा ने आगे कहा कि आरिफ को आजादी चाहिए तो ठीक है वो आजाद रहे। मैं खुश हूं, अल्लाह से मिलूंगी, उनसे कहूंगी कि मेरे गलती कहां हो गई?' आयशा ने आगे कहा कि अल्लाह से दुआ करूंगी कि आगे इंसानों की शक्ल ना दिखाएं।
यही नहीं इसके अलावा आयशा ने कहा कि मोहब्बत करनी है तो दोतरफा करो, एक तरफा करने से कुछ हासिल नहीं होता। ऐ प्यारी सी नदी, हम प्रार्थना करते हैं मुझे अपने में समा लें।
आयशा ने आगे कहा कि मैं हवाओं की तरह हूं, बस बहते रहना चाहती हूं। आयशा ने कहा कि मुझे जिनको जो बताना था, वो बता चुकी हूं। मुझे दुआओं में याद रखना, पता नहीं जन्नत मिले या ना मिले। अलविदा।