भाजपा के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कोरोना महामारी से निपटने का जिम्मा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को सौंपने की अपील की है। देश में कोरोना की तीसरी लहर आने की चेतावनी देते हुए स्वामी ने कहा कि अब सिर्फ प्रधानमंत्री कार्यालय के भरोसे रहने से काम नहीं चलने वाला। गौरतलब है कि कोरोना की दूसरी लहर की शुरुआत के बाद से ही स्वामी केंद्र सरकार पर हमलावर हैं।
बुधवार को उन्होंने ट्वीट के माध्यम से सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत में कोरोना की एक और लहर आ सकती है। इस लहर में इस वायरस के निशाने पर बच्चे होंगे। ऐसे में प्रधानमंत्री को चाहिए कि वह कोरोना से पूरी लड़ाई लड़ऩे का जिम्मा गडकरी को दे दें। अब सिर्फ पीएमओ के भरोसे निर्भर रहने से काम नहीं चलेगा।
इससे पहले स्वामी ने ऑक्सीजन की उपलब्धता और कोरोना की दूसरी लहर से निपटने की तैयारी पर भी मोदी सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि संसद की स्वास्थ्य मंत्रालय की स्थाई कमेटी ने कोरोना की दूसरी लहर के लिए पहले से सरकार को आगाह किया था।
हालांकि सरकार ने स्थाई कमेटी के सुझावों के अनुरूप इससे निपटने की तैयारी नही की। इसके अलावा स्वामी ने ऑक्सीजन के अभाव में हो रही मौतों पर भी निशाना साधा था।
सोमवार को उन्होंने कहा था कि सरकार को यह कहना बंद कर देना चाहिए कि देश में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध है। इसके बदले सरकार को यह बताना चाहिए कि उस किन किन अस्पतालों में ऑक्सीजन की कितनी मात्रा भेजी।