सीबीआई विवाद में भाजपा नेता सुब्रामण्यम स्वामी खुद अपनी ही सरकार के खिलाफ खड़े हो गए हैं। उन्होंने सरकार पर भ्रष्ट अधिकारी को बचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने धमकी दी है कि अगर ईडी के ईमानदार अधिकारी राजेश्वर सिंह को हटाने की कोशिश की गई तो वे पी चिदंबरम पर लगाए गए सभी भ्रष्टाचार के केस वापस ले लेंगे।
सुब्रामण्यम स्वामी ने एक ट्वीट कर कहा कि सीबीआई विवाद के खिलाड़ी अब प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी राजेश्वर को भी हटाने की कोशिश में जुट गए हैं। ऐसा इसलिए किया जा रहा है जिससे वे पी चिदंबरम के भ्रष्टाचार के मामले में कोर्ट में चार्जशीट न दाखिल कर सकें।
जाहिर है कि यह एक भ्रष्ट अधिकारी को बचाने और एक ईमानदार अधिकारी को परेशान करने के लिए किया जा रहा है। स्वामी ने कहा कि अगर ऐसा होता है तो वे मजबूरन ईमानदार अधिकारी को बचाने के लिए सामने आ जाएंगे। उन्होंने चिदंबरम के खिलाफ भ्रष्टाचार के सारे मामले वापस लेने की भी धमकी दी है।
बता दें कि राजेश्वर सिंह पी चिदंबरम के बेटे कार्ती चिदंबरम के खिलाफ आईएनएक्स मीडिया मामले की जांच कर रहे हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले दिनों कार्ती चिदंबरम की 54 करोड़ की संपत्ति भी जब्त कर ली थी।