ओडिशा कैंप में बीएसएफ जवान को लगी गोली
ओडिशा में नक्सल रोधी अभियान ग्रिड स्थित एक शिविर में मंगलवार को राइफल का इस्तेमाल कर अपनी जान लेने की कोशिश कर रहे एक कमांडिंग ऑफिसर को रोकने के दौरान बीएसएफ का एक जवान गोली लगने से घायल हो गया। सीमा सुरक्षा बल के एक प्रवक्ता ने बताया कि एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में ओडिशा के मल्कानगिरी जिले में नक्सल विरोधी अभियानों के लिए तैनात अधिकारियों में से एक ने खुद को गोली मारने की कोशिश की। गार्ड ने राइफल पकड़कर उसे बचा लिया। इस दौरान एक राउंड फायर किया गया, जो शिविर में पास में काम कर रहे एक बीएसएफ जवान को गलती से लग गया। घायल कर्मियों को प्राथमिक उपचार दिया गया और तुरंत मल्कानगिरी जिला अस्पताल ले जाया गया। जवान खतरे से बाहर है और घटना के तथ्यों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं।