वजन कम करने के लिए बहुत से लोग इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर घरेलू से लेकर दवाओं के नुस्खे खोजते रहते हैं। इनमें से कई नुस्खे जानलेवा होते हैं। इसी की बानगी मदुरै में हुई छात्रा की मौत के तौर पर सामने आई है।
सोशल मीडिया से वजन घटाने का नुस्खा लेना तमिलनाडु के मदुरै में एक कॉलेज की छात्रा के लिए जानलेवा साबित हुआ। तमिलनाडु पुलिस के अनुसार मदुरै की एक प्रथम वर्ष की कॉलेज छात्रा की 'वेंकारम' (बोरेक्स) नामक पदार्थ का सेवन करने से मौत हो गई। यह पदार्थ उसने यूट्यूब पर देखे गए एक वीडियो के सुझाव पर खरीदा और इस्तेमाल किया था।
विज्ञापन
मृतका की पहचान 19 वर्षीय कलैयारसी के रूप में हुई है, जो सेलूर इलाके के मीनांबलपुरम की रहने वाली थी। वह नरिमेडु स्थित एक निजी महिला कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। परिवार के अनुसार, वह अपने वजन को लेकर चिंतित रहती थी और इसे कम करने के तरीके तलाशती रहती थी।
अस्पताल से घर आई, लेकिन फिर बिगड़ी तबीयत
तबीयत बिगड़ने पर उसकी मां उसे एक निजी अस्पताल ले गईं, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया। हालांकि, शाम को फिर से उसकी हालत खराब हो गई। पास के एक अन्य अस्पताल में इलाज के बाद घर लौटते समय उसे तेज पेट दर्द और मल में खून आने की शिकायत होने लगी।
रात करीब 11 बजे उसकी हालत और गंभीर हो गई। पड़ोसियों की मदद से उसे सरकारी राजाजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने रास्ते में ही उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। सेलूर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। यह घटना सोशल मीडिया पर बिना चिकित्सकीय सलाह के बताए गए तरीकों के खतरनाक नतीजों को उजागर करती है।