शासन के निर्देश पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग समेत तमाम भर्ती आयोगों में जारी इंटरव्यू और माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड के परिणाम रोके जाने के बाद उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का इंटरव्यू भी रोक दिया है। आयोग के इस निर्णय से अभ्यर्थियों को झटका लगा है।
आयोग की ओर से विज्ञापन संख्या 46 के तहत अशासकीय महाविद्यालयों में 45 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1652 पदों के लिए लिखित परीक्षा कराई गई थी। पिछले साल 44 विषयों में लिखित परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए थे। इनमें से 34 विषयों के लिए अंतिम परिणाम भी जारी कर दिए गए लेकिन बाकी 10 विषयों के लिए इंटरव्यू 21 मार्च से शुरू हुआ था। एक विषय की लिखित परीक्षा पर विवाद के कारण उसका परिणाम अभी तक घोषित नहीं किया गया है।
इन सबके बीच प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद तमाम भर्ती आयोगों से खबर आने लगी कि वहां जो भी इंटरव्यू चल रहे हैं, शासन के निर्देश पर उन्हें रोक दिया गया है। ऐसे में उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मित्तल ने स्वत: संज्ञान लेते हुए बाकी 10 विषयों में चल रहे इंटरव्यू को रोक दिया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप इंटरव्यू 31 मार्च तक होने हैं। बाकी इंटरव्यू 24, 28, 29, 30 एवं 31 मार्च को होने थे, लेकिन अध्यक्ष के इस निर्णय के बाद इंटरव्यू फिलहाल नहीं होंगे।