फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Vande Bharat Express: भाजपा की NIA जांच की मांग, कहा- 'जय श्रीराम' के नारों का बदला लेने के लिए हुई पत्थरबाजी

Tue, 03 Jan 2023 07:14 PM IST
गुलाम अहमद न्यूज डेस्क/अमर उजाला ब्यूरो

सार

रेलवे के एक अधिकारी मंगलवार को बताया कि घटना के सिलसिले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। बताया कि जिस कोच के शीशे में दरार आई है, उसे अभी बदला नहीं गया है। इसके लिए टेक्नीशियन आएंगे और वही शीशे को बदलेंगे...
विज्ञापन
वंदे भारत एक्सप्रेस (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिम बंगाल में शुरू होने के दूसरे ही दिन वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। यह घटना हावड़ा और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस पर मालदा के कुमारगंज स्टेशन के पास कुछ अराजक तत्वों ने पथराव किया। इस पत्थरबाजी में वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच नंबर-13 की खिड़की के शीशे में दरार आ गई है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। घटना के बाद भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने मामले की एनआईए जांच की मांग की है।

रेलवे के एक अधिकारी मंगलवार को बताया कि घटना के सिलसिले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। बताया कि जिस कोच के शीशे में दरार आई है, उसे अभी बदला नहीं गया है। इसके लिए टेक्नीशियन आएंगे और वही शीशे को बदलेंगे। उन्होंने बताया कि गाड़ी का संचालन पहले की तरह ही किया जा रहा है। बीते साल 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री मोदी ने हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी के बीच देश की सातवीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाई थी।

भाजपा ने की एनआईए जांच की मांग 

विज्ञापन

भारतीय जनता पार्टी ने वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव मामले में एनआईए जांच की मांग की है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि क्या यह घटना हावड़ा स्टेशन में वंदे भारत ट्रेन के उद्घाटन समारोह के दौरान 'जय श्री राम' के नारे लगाने का बदला थी। उन्होंने कहा, मैं प्रधानमंत्री और रेल मंत्रालय से अपील करता हूं कि इस मामले की जांच एनआईए को सौंपी जाए और अपराधियों को दंडित किया जाए। 

नारेबाजी से नाराज हो गईं थी ममता 
वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्धाटन के दौरान ममता बनर्जी ने हावड़ा स्टेशन पर मंच पर बैठने से इनकार कर दिया। यहां से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई जानी थी। बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन पर आई भीड़ में से कुछ लोगों ने जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद ममता बनर्जी ने मंच पर बैठने से इनकार कर दिया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने ममता बनर्जी को शांत करने का प्रयास किया। हालांकि, ममता ने मंच नहीं जाने का फैसला किया और मंच के सामने कुर्सी पर बैठ गईं।
विज्ञापन


30 दिसंबर को पीएम ने किया था उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 दिसंबर, 2022 को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में हावड़ा और न्यू जलपाईगुड़ी को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी। इसके कुछ दिनों बाद यह घटना सामने आई है। पीएम मोदी ने भारत एक्सप्रेस ट्रेन के उद्घाटन के मौके पर कहा था कि देश की आजादी के 'अमृत महोत्सव' में देश ने 475 'वंदे भारत ट्रेन' शुरू करने का संकल्प लिया था। आज इसी में से एक हावड़ा को न्यू जलपाईगुड़ी से जोड़ने वाली 'वंदे भारत' शुरू हुई है। 

पहले भी हो चुकी हैं वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटनाएं
इससे पहले भी सेमी-हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटनाएं हुई हैं। 15 दिसंबर 2022 को छत्तीसगढ़ में नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थर फेंके गए थे, इसके चलते ट्रेन की खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया था। हालांकि यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ था। यह घटना दुर्ग और भिलाई स्टेशनों के बीच हुई थी। इस घटना के मात्र चार दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ किया था।

भाजपा ने किया विरोध प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अमित जैन पर हुए हमले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। इसको लेकर मंगलवार को भाजपा नेताओं ने धरना दिया। इस दौरान भाजपा विधायक आनंदमय बर्मन और दुर्गा मुर्मू को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया।
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें