मांट (मथुरा)। सरकार बदलने का असर पुलिस महकमे में तो खुलकर सामने आ गया है। इधर, भाजपा की सरकार बनी और उधर, एक चौकी इंचार्ज ने अपने दरोगा को पीट डाला। चौकी इंचार्ज ने यह कहकर भी हड़काया कि अब उनकी सरकार बनी है। घायल दरोगा ने मांट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दे दी है।
प्रदेश की सत्ता बदलते ही सरकारी मशीनरी भी अपना रंग बदलने लगी है। आपस में झगड़े तक होने लगे हैं। यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर बनी चौकी तो पुलिस वालों का अखाड़ा बन गई। चौकी इंचार्ज राजकुमार गिरी और दरोगा राजेंद्र सिंह यादव के बीच विवाद हो गया। पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट। अब जिसने भी पुलिसवालों को झगड़ते देखा वही खड़े होकर मजा लूटने लगा। कइयों ने तो मोबाइल में वीडियो रिकार्डिंग तक कर ली। यहां खड़े लोग कहते रहे थे, ..देखो यह है हमारी पुलिस। काफी देर तक झगड़ा चला। बाद में अन्य पुलिसवालों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। घायल दरोगा राजेंद्र सिंह ने इस संबंध में चौकी इंचार्ज राजकुमार गिरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को मांट थाने में तहरीर दी है। राजेंद्र सिंह का कहना है चौकी इंचार्ज बार-बार यह कहकर धमका रहा था कि अब सपा की सरकार नहीं बल्कि भाजपा की हुकूमत आ गई है।