पीएम मोदी दे रहे स्वस्थ जीवनशैली पर जोर
उप महानिदेशक ने कहा कि पीएम मोदी स्वस्थ जीवनशैली पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने लोगों को तेल की औसत खपत में 10 प्रतिशत की कटौती करने की सलाह दी है। 'संडे ऑन साइकिल' के साथ खेल मंत्रालय स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को आगे बढ़ा रहा है। श्रीवास्तव ने कहा कि हमने फिट इंडिया एप में कार्बन क्रेडिट की गणना शुरू कर दी है। हमारी योजना है कि कंपनियों के साथ गठबंधन किया जाए, ताकि साइकिल चलाकर किसी व्यक्ति द्वारा जमा किए गए कार्बन क्रेडिट के लिए वित्तीय प्रोत्साहन दिया जा सके। जहां तक बुनियादी ढांचे का सवाल है, वह हमारा क्षेत्राधिकार नहीं है, लेकिन हम समर्पित साइकिलिंग लेन के लिए संबंधित विभागों से अनुरोध कर सकते हैं।
साइकिल मुहैया कराता है साई
साई के अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम में 10 साल की उम्र से लेकर 60 या 70 साल की उम्र तक के बच्चे, माता-पिता और कभी-कभी दादा-दादी भी शामिल होते हैं। साइकिलें साई की ओर से ही आयोजन स्थल पर उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही ज़ुम्बा के जरिये इस कार्यक्रम को मजेदार बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि युवा या कोई भी व्यक्ति इस तरह के आयोजन में तभी भाग लेगा जब यह मजेदार होगा। यह कुछ ऐसा होना चाहिए जिसे वे सोशल मीडिया पर दिखा सकें। साई ने लोगों को स्वस्थ तरीके से उत्सव का माहौल प्रदान करने की कोशिश की है। इस पहल से देश में फिटनेस मानकों को बेहतर बनाने में कितनी मदद मिलेगी, इसका आकलन करने में अभी समय है। अधिकारी ने कहा कि फिलहाल आकलन के लिए कोई पैमाना नहीं है, क्योंकि कुछ ही महीने हुए हैं, लेकिन लंबे समय में इसके प्रभाव को समझने के लिए आकलन किया जाएगा।
भारत में 24 फीसदी महिलाएं और 23 फीसदी पुरुष मोटापे के शिकार
एक सर्वे के मुताबिक 24 प्रतिशत भारतीय महिलाएं और 23 प्रतिशत पुरुष या तो अधिक वजन या मोटापे से ग्रस्त हैं। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) के अनुसार बच्चों में भी मोटापा बढ़ रहा है। सर्वे के मुताबिक पांच वर्ष से कम आयु के अधिक वजन वाले बच्चों की संख्या 2.1 प्रतिशत से बढ़कर 3.4 प्रतिशत हो गई है।
पहलगाम हमले के चलते नहीं हुआ कार्यक्रम
रविवार को पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के सम्मान में कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया, लेकिन 25 मई से यह कार्यक्रम पुनः शुरू हो जाएगा। साई के अधिकारी ने कहा कि जून में कार्यक्रम पर कुछ समय के लिए ब्रेक लग सकता है, क्योंकि तब सुबह का तापमान अधिक होता है और आर्द्रता के कारण कुछ व्यवधान उत्पन्न हो सकते हैं, जो हम नहीं चाहते। फिलहाल सुबह का मौसम सुहाना है, इसलिए कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।