तेलंगाना के महबूबनगर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। महबूबनगर बाईपास रोड पर हुए इस भीषण हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। दुर्घटना एक तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक और कार की टक्कर से हुई।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के अनुसार हादसा रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात उस समय हुआ, जब एक कार बाईपास रोड पर यू-टर्न ले रही थी। इसी दौरान तेज गति से आ रही स्पोर्ट्स बाइक कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
इलाज के दौरान पांच लोगों की हुई मौत
दुर्घटना में बाइक पर सवार दो लोग और कार में मौजूद तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान पांचों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने बताया कि हादसे के पीछे तेज रफ्तार एक बड़ी वजह हो सकती है। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में स्पोर्ट्स बाइक रेसिंग की भी आशंका जताई गई है। इस पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पहलू की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।