बीजेपी विधायक राज पुरोहित और एएमआईएम के विधायक वारिस पठान के बीच वंदे मातरम को लेकर महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर जमकर बहस हुई।इस पूरे हंगामे का एक वीडियो भी सामने आया है।
बीजेपी विधायक पठान के सामने जोर जोर से वंदे मातरम के नारे लगा रहे थे। वीडियो में विधायक को यह कहते हुए देखा जा सकता है कि अगर 'वंदे मातरम' और 'हिंदुस्तान जिंदाबाद' नारे नहीं लगा सकते तो पाकिस्तान चले जाओ।
#WATCH Verbal spat outside Maharashtra assembly between AIMIM MLA Waris Pathan and BJP MLA Raj Purohit over #VandeMataram pic.twitter.com/bGV34AXIMl
— ANI (@ANI_news) July 28, 2017
गौरतलब है कि मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु के सभी स्कूलों और सरकारी व निजी संस्थानों में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम को अनिवार्य कर दिया है। न्यायमूर्ति एम वी मुरलीधरन ने अपने आदेश में कहा कि राज्य के सभी निजी और सरकारी स्कूलों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके यहां छात्र सप्ताह में कम से कम दो बार सोमवार और शुक्रवार को राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम गाएं।
न्यायमूर्ति मुरलीधरन ने कहा कि अन्य सरकारी और निजी प्रतिष्ठानों में भी महीने में कम से कम एक बार राष्ट्रीय गीत गाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर लोगों को बंगाली या संस्कृत में यह गीत गाने में कठिनाई हो रही हो तो तमिल में इसका अनुवाद करने के लिए कदम उठाए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी वैध कारण की वजह से राष्ट्रीय गीत गाने में असमर्थ हो तो उसे इसके लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। न्यायमूर्ति ने कहा कि युवा ही इस देश के भविष्य हैं और न्यायालय को विश्वास है कि इस आदेश को सही भाव और उत्साह के साथ पालन किया जाएगा।