स्टारमाइंड के लिए स्पेसएक्स टेक्सास के बैस्ट्रॉप में गीगासैट फैक्ट्री बनाने की योजना बना रही है। यहां बड़े पैमाने पर सैटेलाइट बनाए जाएंगे और उन्हें स्टारशिप रॉकेट से अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। स्टारमाइंड प्रोजेक्ट के जरिए स्पेसएक्स एआई कंप्यूटिंग की उन चुनौतियों से निपटने की कोशिश कर रही है, जिनका सामना धरती पर डाटा सेंटर बनाने के दौरान करना पड़ता है। आज एआई के बढ़ते इस्तेमाल के कारण डाटा सेंटरों को चलाने के लिए बहुत ज्यादा बिजली की जरूरत होती है।
इसके अलावा सर्वरों को ठंडा रखने के लिए पानी और कूलिंग सिस्टम पर भी काफी खर्च करना पड़ता है। बड़े डाटा सेंटर बनाने के लिए पर्याप्त जमीन जुटाना भी आसान नहीं है। कई बार बिजली की उपलब्धता, स्थानीय नियमों और सरकारी मंजूरियों के कारण इनके निर्माण में देरी होती है। स्पेसएक्स की योजना है कि एआई से जुड़े कंप्यूटिंग सिस्टम को अंतरिक्ष में भेजकर इन चुनौतियों का विकल्प तैयार किया जाए।
कब लॉन्च होंगे ये सैटेलाइट?
हालांकि, एफसीसी से मंजूरी मिलने का मतलब यह नहीं है कि स्पेसएक्स तुरंत 10 लाख सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेज देगी। इस नेटवर्क को तैयार करने और लॉन्च करने के लिए कंपनी को कई साल का समय मिलेगा। एफसीसी की तय समयसीमा के मुताबिक स्पेसएक्स को नवंबर 2033 तक सैटेलाइट लॉन्च करना शुरू करना होगा।
इसके बाद नवंबर 2035 तक कम से कम एक लाख और नवंबर 2038 तक कुल पांच लाख सैटेलाइट तैनात करने होंगे। यानी मंजूर किए गए नेटवर्क का आधा हिस्सा इस समय तक अंतरिक्ष में पहुंचाना जरूरी होगा। इतने बड़े नेटवर्क को तैयार करने में लॉन्च की लागत एक बड़ी चुनौती है। कंपनी का मानना है कि स्टारशिप की मदद से बड़ी संख्या में सैटेलाइट कम लागत में अंतरिक्ष में पहुंचाए जा सकेंगे।
क्या स्पेस में डाटा सेंटर चलाना धरती के मुकाबले सस्ता है?
मैकिन्से की रिपोर्ट के मुताबिक फिलहाल अंतरिक्ष में डाटा सेंटर चलाना धरती के मुकाबले काफी महंगा है। इसकी सबसे बड़ी वजह सैटेलाइट और कंप्यूटिंग उपकरणों को रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में पहुंचाने की लागत है। इस तकनीक को आर्थिक रूप से फायदेमंद बनाने के लिए लॉन्चिंग का खर्च घटाकर करीब 500 डॉलर प्रति किलोग्राम तक लाना होगा।अंतरिक्ष में डाटा सेंटर का एक फायदा यह भी हो सकता है कि सही कक्षा में मौजूद सैटेलाइट को लगातार सौर ऊर्जा मिलती रहेगी।
इससे रात के समय के लिए बैटरी या बैकअप बिजली की जरूरत कम हो सकती है। इसके अलावा अंतरिक्ष में सोलर पैनल धरती के मुकाबले प्रति वर्ग मीटर करीब आठ गुना ज्यादा ऊर्जा पैदा कर सकते हैं। कुल मिलाकर कहें तो स्टारमाइंड प्रोजेक्ट एआई और अंतरिक्ष तकनीक की दुनिया में एक बड़ा बदलाव ला सकता है। हालांकि, इसकी सफलता लॉन्चिंग की लागत, तकनीकी चुनौतियों और बड़े पैमाने पर सैटेलाइट तैनात करने की क्षमता पर निर्भर करेगी।