भारत का अधिकांश इलाका इन दिनों सूरज की तपिश झेल रहा है। देश के उत्तरी इलाके गर्मी से बेहाल है तो वहीं, दक्षिणी इलाकों में मानसून आगे बढ़ रहा है। इस बीच, दक्षिण पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर के कुछ भागों में आगे बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि मानसून कर्नाटक के अधिकांश भागों, महाराष्ट्र, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ और भागों, बंगाल की खाड़ी के अधिकांश भागों और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी सहित अन्य भागों में आगे बढ़ रहा है।
कहां-कहां होगी बारिश?
इधर, मानसून केरल पहुंचने के बाद अपने तय रास्ते से पूर्वोत्तर की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। आठ जून तक मानसून दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के लगभग सभी राज्यों में पहुंच जाएगा। इसके बाद पश्चिम बंगाल, बिहार, मध्यप्रदेश, दिल्ली और राजस्थान की तरफ आगे बढ़ेगा। मध्यप्रदेश में 15 जून तक मानसून की पहली लहर आने की संभावना है, जो इंदौर और आसपास से होकर गुजर जाएगी। 20 जून तक यहां मानसून की दूसरी लहर आ जाएगी। जबकि महाराष्ट्र में 10 जून, छत्तीसगढ़ में 15 जून, बिहार और झारखंड में 15 से 18 जून, यूपी में 20 जून तक मानसून आने की संभावना है। सबसे अंत में राजस्थान में 30 जून तक मानसून आने की संभावना है। मौसम के जानकार अनुमान लगा रहे हैं कि जून के अंत तक मानसून दिल्ली में दस्तक दे सकता है। आमतौर पर राजधानी में मानसून 27 जून के आसपास पहुंचता है।
कम हो रहा लू का प्रकोप
हालांकि इन दिनों कुछ शहरों का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के स्थानों में 45 से 46 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मध्यप्रदेश के एक दो स्थानों, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी एक दो स्थानों पर तापमान 45-46 डिग्री देखा गया। जबकि झारखंड के डाल्टेनगंज में 46 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। ओडिशा में कुछ जगहों पर तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले तीन से चार दिनों में झारखंड और बिहार में आंधी और तेज हवाओं का दौर देखने के लिए मिल सकता है। इसके अलावा ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल के इलाकों में भी तेज हवाओं का दौर देखा जा सकता है।