दक्षिण कोरिया के राजदूत चांग जे बोक ने कहा कि 9-10 सितंबर को आयोजित होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में हमारे राष्ट्रपति आ रहे हैं। हम इस वर्ष भारत की जी20 की अध्यक्षता का पुरजोर समर्थन करते हैं। हमें उम्मीद है कि सितंबर में शिखर बैठक भारत सरकार द्वारा जी20 की अध्यक्षता के प्रयासों का मुख्य आकर्षण और परिणति होगी।
राजधानी दिल्ली में होने वाले आगामी जी-20 शिखर सम्मेलन में अब सिर्फ एक महीना शेष है। इस शिखर सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बीच, भारत में दक्षिण कोरिया के राजदूत ने अपने देश के राष्ट्रपति यूं सुक येओल के इस सम्मेलन में भाग लेने की पुष्टि कर दी है। राजदूत चांग जे बोक ने कहा है कि दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल सितंबर में जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि 9-10 सितंबर को आयोजित होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में हमारे राष्ट्रपति आ रहे हैं। हम इस वर्ष भारत की जी20 की अध्यक्षता का पुरजोर समर्थन करते हैं। हमें उम्मीद है कि सितंबर में शिखर बैठक भारत सरकार द्वारा जी20 की अध्यक्षता के प्रयासों का मुख्य आकर्षण और परिणति होगी। उन्होंने यह भी कहा कि जी20 के दौरान बेशक हम विश्व की स्थिति में आर्थिक सुधार पर चर्चा करते हैं, लेकिन हम क्षेत्रीय सुरक्षा मामलों पर भी चर्चा करते हैं। इसलिए हमें उम्मीद है कि भारत शांति और योगदान के लिए जी20 के बहुत अच्छे परिणामों की ओर जी20 सदस्यों का नेतृत्व करेगा।
गौरतलब है कि दक्षिण कोरिया आज मुक्ति दिवस या स्वतंत्रता दिवस की 78वीं वर्षगांठ मना रहा है। भारत में दक्षिण कोरिया के राजदूत ने अपनी आजादी को याद किया। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त भारत और कोरिया दोनों के लिए स्वतंत्रता दिवस है। इसलिए, मैं भारत और भारत के लोगों को हार्दिक बधाई देना चाहता हूं।
विज्ञापन
इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दक्षिण कोरिया को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि कोरिया गणराज्य की सरकार और लोगों को उनके राष्ट्रीय दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं। विश्वास है कि हमारी विशेष रणनीतिक साझेदारी आगे बढ़ती रहेगी।