महाराष्ट्र के ठाणे से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां ईसाई धर्म अपनाने वाली महिला के अंतिम संस्कार को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। फुलाई धबाडे नाम की महिला की मौत के बाद जहां छोटे बेटे ने महिला को ईसाई धर्म के अनुसार दफ्ना दिया वहीं बड़े बेटे ने हिंदू धर्म के अनुसार प्रतीकात्मक दाह संस्कार कर दिया।
वहीं पुलिस ने इस घटना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि कुछ साल पहले महिला, महिला का पति और छोटे बेटे ने ईसाई धर्म अपना लिया था वहीं उसके बड़े बेटे ने अपना धर्म न बदलते हुए हिंदू धर्म को ही अपनाने का फैसला किया। हाल में ही 18 नवंबर को महिला की मौत हो गई और इसके बाद अंतिम संसकार को लेकर विवाद होने लगा। दोनों भाई आपस में उलझ गए। मामले को बढ़ता देख समझौता के लिए पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने अपने हिसाब से दोनों भाइयों को समझाने की कोशिश की लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी, फिर गांव के लोगों को बुलाया गया और फैसला हुआ कि महिला को उसके धर्म के अनुसार ही दफनाया जाएगा, लेकिन बड़े बेटे ने इसपर आपत्ति जताई और विवाद करने लगा। अंत में गांव के लोगों और पुलिस ने बड़े बेटे को समझा-बुझाकर इस बात के लिए राजी किया कि वह अपनी मां का हिंदू धर्म के अनुसार प्रतीकात्मक दाह संस्कार कर दे। और अंत में महिला के बड़े बेटे ने हामी भर दी।