बंगाली फिल्म एक्ट्रेस और मॉडल सोनिका चौहान की मौत मामले में अभिनेता विक्रम चटर्जी ने कलकत्ता हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की मांग की है। जमानत के लिए चटर्जी ने हाईकोर्ट में आवेदन किया है। आगामी सप्ताह में कोर्ट मामले पर सुनवाई कर सकता है।
बता दें कि बीते 29 अप्रैल को अभिनेता बिक्रम चटर्जी की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी में बिक्रम के साथ बैठी उनकी मॉडल दोस्त सोनिका चौहान की मौत हो गई । ये सड़क हादसा कोलकाता के लेक मॉल के पास वाले इलाके में हुआ था।
इस घटना में पुलिस ने विक्रम के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया। इस मामले में अग्रिम जमानत के लिए विक्रम ने मंगलवार को हाईकोर्ट में आवेदन किया है। गौरतलब है कि मॉडल सोनिका चौहान की मौत की जांच पर उनके परिवारवालों ने सवाल उठाए।
जांच में विक्रम ने ये भी कबूला कि उन्होंने पार्टी में ड्रिंक की थी लेकिन वो नशे में चूर नहीं थे। सोनिका के घरवालों को उनकी मौत की खबर पांच घंटे बाद दी गई थी। इस मामले में 20 लोगो के बयान रिकॉर्ड किए गए।
सोनिका की मौत के बाद उनके ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट, बल्ड टेस्ट और यूरीन टेस्ट पर भी उनके घरवालों ने सवाल उठाए। इसके साथ ही सोनिका के खून से सने कपड़े, मोबाइल फोन और आईडी को बिना सील किए उनके घरवालो को अस्पताल में दे दिया गया था। घटनास्थल को भी पुलिस ने 11 दिनों के बाद सीज किया था।