कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी का कहना है कि मोदी सरकार के पैरों तले से जमीन खिसक चुकी है। उन्हें पूरा विश्वास है कि यह सत्ता ज्यादा दिन तक टिकने वाली नहीं है। उनका मानना है कि सरकार के कामकाज में उसकी असुरक्षा साफ झलकती है। गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में लिखा है कि उन्हें महसूस होता है कि नई पीढ़ी निष्पक्षता चाहती है और दमनकारी व्यवस्थाओं तथा अन्याय को खत्म करना चाहती है। मंगलवार को बाजार में आई इस किताब में वह लिखती हैं, 'इसमें समय लगेगा, लेकिन मुझे पता है कि हालात बदलेंगे और वे सफल होंगे। वे हमारे देश की आत्मा को वापस लाएंगे और इसके जख्मों को भरेंगे। देश के युवा ही हमारी मुश्किल से हासिल की गई आजादी और बड़ी मेहनत से बनाई गई सामाजिक सद्भावना की रक्षा करेंगे।'
सरकार के कदमों में झलकती है असुरक्षा: सोनिया गांधी
गांधी कहती हैं, 'इस किताब को लिखते समय भी सरकार यही दावा कर रही है कि उसकी ताकत और लोकप्रियता बरकरार है। लेकिन मेरा मानना है कि उसके पैरों तले से जमीन खिसक चुकी है। मुख्यधारा का मीडिया पहले की तरह ही पक्षपाती बना हुआ है, लेकिन सरकार के कदम उसकी असुरक्षा को जाहिर करते हैं।'
वोट चोरी के आरोपों और मतदाता सूची में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया
विपक्ष के 'वोट चोरी' के आरोपों का जिक्र करते हुए वह कहती हैं कि हाल के महीनों में हुए राज्य विधानसभा चुनावों में मतदाता सूचियों (इलेक्टोरल रोल) में बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ के स्पष्ट संकेत मिले हैं। वह कहती हैं, 'संसद में सत्ताधारी पार्टी बेहद अहम मुद्दों पर बात करने से बचती है। इनमें सीमा पर चीन का हमारे इलाकों पर कब्जा, संघीय ढांचे को कमजोर करने वाले कानून, अल्पसंख्यकों के अधिकार, नागरिकों की निजता और ऐसे कई अन्य मुद्दे शामिल हैं, जो एक राष्ट्र के रूप में हमारी अखंडता के लिए बुनियादी हैं। लेकिन अब सरकार के झूठे दावों पर किसी को भरोसा नहीं रहा। लोग बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और चारों तरफ फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने से अब कम डरते हैं।
आरएसएस के एजेंडे और एकरूपता थोपने की कोशिश पर निशाना
गांधी का मानना है कि भले ही सत्ताधारी वर्ग लोगों को नियंत्रित करने और उनके बीच ध्रुवीकरण करने की कोशिश कर रहा हो, लेकिन उसका एकरूपता थोपने का एजेंडा भारत की स्वाभाविक विविधता के सामने जरूर विफल हो जाएगा। वह कहती हैं, 'मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि आरएसएस की वर्चस्व कायम करने की दीर्घकालिक योजना यानी हमारी विविधता पर एक धर्म और एक भाषा थोपने की कोशिश का कड़ा विरोध किया जाएगा।'
2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी एकता से घबराई थी भाजपा
अपनी किताब में सोनिया गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनावों का भी जिक्र किया है। उनका कहना है कि विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन को जमीनी स्तर पर मिल रहे समर्थन को देखकर भाजपा घबराने लगी थी। प्रधानमंत्री डगमगाने लगे। उन्होंने फिर से अपने पुराने, भद्दे नारों का सहारा लेना शुरू कर दिया, जिसमें वे लोगों को अल्पसंख्यकों से जुड़े कथित खतरों के बारे में डराते थे। उनके भाषण डराने वाले, बेतुके और कभी-कभी बिल्कुल अवास्तविक लगने लगे। एक इंटरव्यू, जो काफी वायरल हुआ था, उसमें उन्होंने दावा किया कि वे किसी दैवीय मूल से आए हैं, यानी 'नॉन-बायोलॉजिकल' (जैविक नहीं) हैं।'
प्रधानमंत्री के भाषणों से दूर होने लगे थे लोग: सोनिया
गांधी बताती हैं कि देशभर में कई लोग प्रधानमंत्री के दावों को समझने लगे थे। वे उनके ऐसे भाषणों से दूर होने लगे थे, जो गुस्से और नफरत से भरे होते थे और जिनमें कोई प्रगतिशील या रचनात्मक बात नहीं होती थी। इसके बजाय लोग 'इंडिया' गठबंधन की बातों पर ध्यान देने लगे थे।
चुनाव परिणाम के दिन का अनुभव किताब में किया साझा
चुनाव परिणाम वाले दिन का अनुभव साझा करते हुए गांधी बताती हैं कि उन्हें दूर से ढोल-नगाड़ों की आवाज सुनाई दी। जैसे-जैसे आवाज करीब आई, उन्हें नारे लगाने की आवाजें और पास ही स्थित पार्टी कार्यालय से पटाखे फूटने की आवाजें सुनाई देने लगीं। वह लिखती हैं, 'साफ तौर पर कुछ खास हो रहा था। जश्न मनाया जा रहा था और हमारे बगीचे में फूलों की मालाओं तथा गुलदस्तों के ढेर लग गए थे। मुझे पता चला कि भले ही हमारी पार्टी जीती नहीं थी, लेकिन हमने अपनी सीटों की संख्या बढ़ाई थी और अपने विरोधियों को इतना पीछे धकेल दिया था कि वे काफी
भाजपा और आरएसएस के अजेय होने का भ्रम टूटा: सोनिया
सोनिया गांधी कहती हैं, 'यह स्पष्ट हो गया था कि भाजपा और आरएसएस की तमाम चालों और रणनीतियों के बावजूद हमारे 'इंडिया' गठबंधन ने उनके अजेय होने के भ्रम को तोड़ दिया था। भाजपा बहुमत हासिल करने में बुरी तरह विफल रही। उसे सरकार बनाने के लिए दो क्षेत्रीय दलों का समर्थन लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। हम खुश थे, क्योंकि हमने एक बहुत ही महत्वपूर्ण बात साबित कर दी थी। हमारी संसद में विपक्ष पूरी तरह से जीवित और सक्रिय है।' उनका कहना है कि भाजपा की ताकत का सामना करने के लिए इंडिया गठबंधन ने अपने मतभेदों को एक तरफ रख दिया था। यह सच है कि आधी लड़ाई ही जीती गई थी, लेकिन मुझे और कई अन्य लोगों को ऐसा लगा मानो देश एक गहरी खाई में गिरने से बच गया हो।'
ये भी पढ़ें:
कुलगाम में आतंकी हमला: सीआरपीएफ दल पर बाइक सवार आतंकियों ने की फायरिंग; हमले में तीन जवान घायल; दो गंभीर
लोकसभा चुनाव में भाजपा बहुमत से रह गई थी दूर
2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को 293 सीटें मिली थीं, जबकि इंडिया गठबंधन ने 235 सीटें हासिल की थीं। भाजपा 240 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, जो बहुमत के 272 के आंकड़े से काफी कम थी।