पद्म विभूषण सम्मान से नवाजी जा चुकीं प्रसिद्ध नृत्यांगना सोनल मानसिंह ने मंगलवार को संसद के बालयोगी सभागार में 'संकल्प से सिद्धि' थीम पर शानदार नृत्य पेश कर लोगों का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों की तालियों से हाल गूंजता रहा।
इस समारोह का उद्घाटन करते हुए उपराष्ट्रपति और राज्य सभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि 'संकल्प से सिद्धि' का मंत्र देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है। उन्होंने खुद अपने जीवन में संकल्प से महान ऊंचाइयों को छुआ है। आज भी वे देश की सेवा के अटूट संकल्प में बंधे हुए हैं और दिन रात अपने लक्ष्य को पूरा करने में लगे हुए हैं।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि नृत्यांगना सोनल मानसिंह का जीवन खुद भी संकल्प का प्रत्यक्ष उदाहरण है और देश की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से शिक्षा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश निर्माण का संकल्प देश की हर पीढ़ी के हर नागरिक के पुरूषार्थ से ही सिद्ध हो सकता है।
उन्होंने देश के लोगों से आवाहन किया कि हर नागरिक अपने व्यक्तिगत स्तर पर और सामुदायिक स्तर पर देश निर्माण के यज्ञ में अपनी-अपनी स्थिति के अनुसार सहयोग दे।
नायडू ने कहा कि अपनी प्रस्तुति में डॉ. सोनल मानसिंह ने स्वच्छता के संस्कार को विचार, व्यवहार और वाणी की शुचिता से जोड़ा है। परिवार में शांति स्थापित करने के लिए और अपने व्यक्तित्व के विकास के लिए ये गुण प्रासंगिक हैं।