महाराष्ट्र, गुजरात और असम समेत कई राज्यों में बाढ़ और वर्षा से स्थिति गंभीर हो गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों का दैनिक जीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। असम में बाढ़ की स्थिति शुक्रवार को और बिगड़ गई। राज्य में 2.10 लाख से अधिक लोग बाढ़ के पानी से घिरे हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि काचर जिले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई। इससे बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 194 हो गई है।
असम में 2,10,746 लोग बाढ़ से प्रभावित
पीटीआई के मुताबिक असम में 2,10,746 लोग अभी भी बाढ़ से घिरे हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, कछार जिले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे सूबे में बाढ़ और भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या 194 हो गई है। सबसे ज्यादा प्रभावित कछार में 1,20,118 लोग अब भी बाढ़ से जूझ रहे हैं, जबकि मोरीगांव में 89,234 लोग प्रभावित हैं। छह जिलों के कुल 799 गांव अभी भी पानी में डूबे हुए हैं।
जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी उफान पर
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश के कारण चिनाब नदी के जल स्तर में वृद्धि हुई है। सरकार ने तटीय क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में भी बारिश की वजह से श्री गंगानगर में कई जगहों जलभराव हुआ।