केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को अपनी चप्पल की मरम्मत के लिए मोची को 100 रुपये दिए, जबकि मोची ने अपने काम के लिए सिर्फ 10 रुपये मांगे थे। 100 रुपये मिलने के बाद खुशी-खुशी मोची ने उनकी चप्पल में अतिरिक्त स्टिच लगा दी। यह घटना सोशल मीडिया में वायरल हो गई है।
बीजेपी सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय कपड़ा मंत्री यहां ईशा फाउंडेशन के एक सत्र को संबोधित करने के लिए फ्लाइट से उतरीं ही थीं कि उनकी चप्पल का पट्टा टूट गया, जिसको लेकर वह असहज थीं। इसके बाद वह मोची की दुकान ढूंढ रही थीं और हवाईअड्डे से करीब 16 किलोमीटर दूर पेरुर के नजदीक उन्हें एक मोची की दुकान मिली और वह मरम्मत के लिए अपनी चप्पल मोची को थमाकर एक स्टूल पर बैठ गईं।
इस दौरान बीजेपी महासचिव वनाथी श्रीनिवासन भी उनके साथ थे। मोची ने अपने काम के लिए उनसे 10 रुपये मांगे। ईरानी ने अपने पर्स से 100 रुपये का नोट निकालकर दिया और कहा कि चेंज की जरूरत नहीं है। इसके बाद मोची ने केंद्रीय मंत्री के चप्पल में एक और स्टिच लगा दी।