केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जेएनयू में देश विरोधी नारे लगाने वालों से सहानुभूति जताने पर राहुल गांधी पर हमला बोला है। साथ ही उन्होंने कहा कि गुजरात के लोग आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को वोट नहीं देंगे।
भाजपा की गुजरात गौरव यात्रा के दौरान आदिवासियों को संबोधित करते हुए ईरानी ने नर्मदा परियोजना में अड़ंगा लगाने के लिए तत्कालीन कांग्रेस की केंद्र सरकार को दोषी बताया।
उन्होंने कहा कि तब की कांग्रेस सरकार ने ईर्ष्या के कारण इस परियोजना को रोका। ईरानी ने कहा कि पूरे देश ने देखा कि किस तरह जब जेएनयू में जब ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ के नारे लग रहे थे तब राहुल गांधी उनके समर्थन में बोल रहे थे।
पढ़ें- स्मृति ईरानी का कांग्रेस पर पलटवार- राहुल का पीएम मोदी पर तंज कसना कोई नई बात नहीं
गुजरात में विकास न होने के राहुल आरोप पर पूछे जाने पर वस्त्र और सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा कि जब चुनाव होने वाले होते हैं तभी कांग्रेस नेता को राज्य और अपने लोग नजर आते हैं। ईरानी ने कहा कि हालांकि गुजरात ने नर्मदा प्रोजेक्ट के लिए लड़ाई लड़ी, फिर भी 55 सालों में काम पूरा नहीं हो पाया। यूपीए के शासन में राजकोट और आनंद में रेलवे ने नहर बनाने की इजाजत नहीं दी।