नए कृषि कानूनों को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को लोकसभा में सरकार को घेरा तो केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने उन पर पलटवार किया। स्मृति ईरानी ने कहा कि उन्होंने किसानों की बात कर सरकार पर आरोप लगाए, लेकिन मैं हैरान हूं कि यह व्यक्ति जहां से सांसद था, उस क्षेत्र को लेकर सदन में चर्चा में कभी शामिल नहीं हुआ।
'आत्मनिर्भर बजट को पीठ दिखाकर चले गए'
वित्त वर्ष 2021-22 के बजट पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए ईरानी ने कहा कि यह बजट देश को आत्मनिर्भर बनाने और जोड़ने वाला है, जिसे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सदन में पीठ दिखाकर चले गए। एक व्यक्ति झूठ की नींव पर कितनी बड़ी इमारत बना सकता है और सदन की गरिमा का बिल्कुल ख्याल नहीं रखते हुए संसद से पारित कानून को किस तरह काला कहता है, यह आज देखने को मिला।
इससे पूर्व राहुल गांधी ने तीन कृषि कानूनों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि इन कानूनों से मंडिया खत्म हो जाएंगी और कृषि क्षेत्र कुछ बड़े उद्योगपतियों के नियंत्रण में चला जाएगा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा कि सालों पहले परिवार नियोजन का नारा था-हम दो हमारे दो। जैसे कोरोना दूसरे रूप में आता है उसी तरह यह नारा फिर से आया है। यह हम दो, हमारे दो की सरकार है।