केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि राहुल गांधी कह रहे हैं कि उनके बोलने से भूकंप आ जाएगा। भूकंप आएगा तो सही लेकिन कांग्रेस में। राहुल बाबा भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग लड़ रहे प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी से सवाल पूछ रहे हैं जबकि खुद अमेठी की जनता के सवालों से भाग रहे हैं। उन्होंने यूपी में जगह-जगह खाट सभा की लेकिन अमेठी में नहीं कर पाए।
ईरानी यहां रविवार को जीआईसी मैदान में आयोजित भाजपा के युवा सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहीं थीं। उन्होंने कहा कि कालेधन वाला नोटबंद न हो, इस प्रयास में लगी पार्टियां संसद चलने नहीं दे रहीं। जनता नोटबंदी के फैसले पर पीएम के साथ है, लेकिन कालेधन के हिमायती दल विरोध कर रहे हैं।
कांग्रेस, सपा और बसपा ने तो इसलिए संसद रोक रखी है क्योंकि इन दलों को यूपी के चुनाव में अपनी गाड़ी चलती नहीं दिख रही। उन्होंने कहा कि एक वो सरकार थी, जब प्रधानमंत्री कोई निर्णय लेते थे और राहुल बाबा आकर उस निर्णय को फाड़ देते थे। और एक यह सरकार है जिसकी ईच्छाशक्ति दृढ़ है। वर्ष 2016 दो वजहों से याद किया जाएगा। एक तो सेना ने पाकिस्तान को घर में घुसकर मारा। दूसरा प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग शुरू की।