मेटा के Ray-Ban स्मार्ट ग्लास इसी सोच का शुरुआती उदाहरण हैं। देखने में ये सामान्य चश्मों जैसे लगते हैं लेकिन इनमें कैमरा, माइक्रोफोन, ओपन-ईयर स्पीकर और मेटा एआई जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इनकी मदद से यूजर बिना फोन निकाले वॉयस कमांड दे सकता है, सामने दिख रही किसी चीज के बारे में सवाल पूछ सकता है और फोटो या वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है। इसके अलावा म्यूजिक सुनने और फोन कॉल करने जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं।
हाल ही में मेटा ने करीब 100 ग्राम वजन वाले नए वीआर ग्लासेज की झलक दिखाई थी। खास बात ये है कि इसका डिजाइन पारंपरिक भारी वीआर हेडसेट की तुलना में चश्मे जैसा है। इसमें 5K डिस्प्ले है और इसे कंप्यूटर या मैक से जोड़कर एक साथ कई वर्चुअल स्क्रीन पर काम किया जा सकता है। इस चश्मे में आप आइमैक्स स्टाइल में 3D सिनेमा भी देख सकते हैं। जुकरबर्ग का मानना है कि नई टेक्नोलॉजी आने से पुरानी डिवाइस एकदम खत्म नहीं होती है जैसे स्मार्टफोन आने के बाद कंप्यूटर का इस्तेमाल बंद नहीं हुआ बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों में फोन की जगह ज्यादा अहम हो गई। इसी तरह स्मार्ट ग्लास भी धीरे-धीरे हमारी डिजिटल जिंदगी का जरूरी हिस्सा बन सकते हैं।
स्मार्ट ग्लास को सफल बनाने में सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ उनकी टेक्नोलॉजी विकसित करना नहीं है बल्कि लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में इन्हें पहनने के लिए तैयार करना भी है। इसके लिए चश्मे का हल्का होना, लंबे समय तक आरमदायक रहना और एक बार चार्ज करने पर पर्याप्त बैटरी बैकअप देना जरूरी है। इसके अलावा कैमरे से जुड़ा प्राइवेसी का सवाल भी अहम है। आसपास मौजूद लोगों को कैसे पता चलेगा कि चश्मा पहनने वाला उनकी तस्वीर या वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है?
अगले आने वाले कुछ वर्षों में स्मार्टफोन की जगह पूरी तरह लेना इन चश्मों के लिए आसान नहीं होगा। मोबाइल की बड़ी स्क्रीन, टाइपिंग और मुश्किल काम करने की सुविधाएं अभी भी इसे ज्यादा उपयोगी बनाती हैं।
कुल मिलाकर स्मार्ट ग्लास के पास टेक्नोलॉजी की दुनिया में बड़ा बदलाव लाने की क्षमता जरूर है। हालांकि, स्मार्टफोन की जगह लेने का रास्ता अभी आसान नहीं है। इसके लिए कंपनियों को बैटरी, डिस्प्ले, कीमत और प्राइवेसी जैसी चुनौतियों का समाधान करना होगा। साथ ही लोगों को यह भरोसा भी दिलाना होगा कि चश्मे से डिजिटल काम करना मोबाइल के मुकाबले ज्यादा आसान और सुविधाजनक है। हो सकता है कि आने वाले वर्षों में हम स्मार्टफोन को पूरी तरह छोड़ न पाएं लेकिन कई कामों के लिए उसे जेब से निकालने की जरूरत कम हो सकती है।