सरकार ने देश में बढ़ते कोरोना मामले और ब्रिटेन में वायरस के नए वर्जन आने के बाद बनते हालात को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर हेल्प डेस्क बनाने का फैसला किया है। ब्रिटेन समेत अन्य देशों से भारत आ रहे यात्रियों को एयरपोर्ट पर कोविड टेस्ट आरटी-पीसीआर कराना अनिवार्य होगा।
दिल्ली में छह और चेन्नई में एक यात्री पॉजिटिव
एयर इंडिया की लंदन-दिल्ली उड़ान के छह यात्रियों को कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया है। यह उड़ान सोमवार रात 11.30 बजे दिल्ली में उतरी। इनमें से पांच दिल्ली एयरपोर्ट पर ही संक्रमित पाए गए और एक तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में संक्रमित पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को बताया कि यह सैंपल पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी) भेजा गया ताकि इसकी जांच की जा सके कि यह वायरस का नया स्ट्रेन है या वही पुराना।
यात्री को किंग्स इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल भेजा गया है और फिलहाल वह क्वारंटाइन है। तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव जे राधकृष्णन ने मंगलवार को कहा था कि पिछले दस दिनों में जिसने भी ब्रिटेन दौरा किया है। हम उसकी पहचान कर रहे हैं और आरटी-पीसीआर टेस्टिंग कर रहे हैं। हम ब्रिटेन से आने-जाने वाले और वहां रुकने वाले फ्लाइट के सभी यात्रियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और जो चेन्नई में संक्रमित यात्री है, उनके बारे में यह नहीं कहा जा सकता कि वो ब्रिटेन की नई स्ट्रेन से ही संक्रमित हैं।