अभी तक अगवा छात्र वासु के बरामद नहीं होने से परिवार के सदस्यों का धैर्य जवाब दे गया। वासु के परिजन सड़कों पर उतर आए और थाने के सामने प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां किसी अधिकारी के नहीं मिलने पर परिजनों ने बंद डीएम कार्यालय के गेट के बाहर नेम प्लेट पर चूड़ियां टांग दी। वासु के पिता भूख हड़ताल पर बैठ गए।
धरनास्थल पर हुई सभा में वासु की बहनों ने कहा कि साहब, रक्षाबंधन पर भाई के हाथ में राखी बांधनी है। बहनों की बात सुनकर सभी भावुक हो गए। एसडीएम और सीओ सिटी ने मामले की जांच एसटीएफ को सौंपने व 18 अगस्त को रक्षाबंधन तक वासु को बरामद करने के आश्वासन दिया।
14 जुलाई को स्कूल से लौटते समय अगवा हुए वासु का अब तक सुराग नहीं लगा है। मंगलवार को परिजनों ने कलक्ट्रेट में धरना दिया था। अधिकारियों ने दो दिन में वासु को बरामद करने का आश्वासन दिया था। हालांकि कोई सफलता नहीं मिलने पर परिजन बृहस्पतिवार को गांव बकली से पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए परिजन धरना देकर बैठ गए और वासु के पिता सुनील कुमार ने भूख हड़ताल शुरू कर दी।