कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात करने के लिए कल नई दिल्ली का दौरा करेंगे। इस दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं और बंगलूरू में चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई भगदड़ की घटना पर चर्चा होने की उम्मीद है। भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कल दिल्ली का दौरा करेंगे। सिद्धारमैया दिल्ली में पार्टी नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और उन्हें ताजा घटनाक्रमों की जानकारी देंगे।
भगदड़ की घटना 4 जून की शाम को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई थी। उस समय बड़ी संख्या में लोग आईपीएल में आरसीबी टीम की जीत का जश्न मनाने के लिए जमा हुए थे। इस घटना में 11 लोग मारे गए और 56 घायल हुए। सिद्धारमैया ने रविवार को उन खबरों को खारिज किया था, जिनमें कहा गया था कि कांग्रेस हाईकमान ने उनसे इस घटना की जानकारी मांगी है।
ये भी पढ़ें: Indus Water Treaty: सिंधु नदी के पानी के लिए गिड़गिड़ा रहा पाकिस्तान, भारत नहीं दे रहा पत्र का जवाब; रखी शर्त
डीके शिवकुमार पहले से दिल्ली में मौजूद
इस बीच, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार भी आज दिल्ली में मौजूद हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे पार्टी के शीर्ष नेताओं से मिलेंगे, तो उन्होंने कहा कि इस बार वह ऐसा नहीं करेंगे क्योंकि उन्हें बंगलूरू में एक जरूरी बैठक में हिस्सा लेना है और वह बाद में वापस आएंगे।
केवल प्रचार पर जीवित है मोदी सरकार: सिद्धारमैया
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आज केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर भी हमला किया और कहा कि वह शून्य अंक की हकदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार केवल 'प्रचार' पर जीवित है। उनकी यह टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी के पीएमओ में 11 साल पूरे करने के मौके पर आई।
सिद्धारमैया ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मोदी के सत्ता में आए हुए 11 साल हो गए हैं, लेकिन उनकी सरकार केवल प्रचार पर निर्भर है और सिर्फ दिखावा करती है। उन्होंने पूछा कि नोटबंदी से किसे फायदा हुआ? मोदी ने कहा था कि 'अच्छे दिन आएंगे', लेकिन क्या हुआ? उन्होंने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, उसका क्या हुआ? उन्होंने किसानों की समस्याएं हल करने का भी वादा किया था, फिर किसानों ने साल भर क्यों प्रदर्शन किया?
ये भी पढ़ें: Manipur: गिरफ्तार मैतेई संगठन का नेता पुलिस में रहा हेड कांस्टेबल, मार्च में किया गया था सेवा से बर्खास्त
'मोदी सरकार ने पूरे नहीं किए वादे'
सिद्धारमैया ने कहा कि मोदी सरकार के ज्यादातर वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने मोदी सरकार पर 'झूठा प्रचार' करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मीडिया उन्हें अधिक प्रचार देती है। जब हमारी सरकार ने गारंटी योजनाएं शुरू कीं, तो भाजपा ने कहा कि यह लागू नहीं हो पाएंगी और राज्य दिवालिया हो जाएगा। लेकिन उन्होंने वही योजनाएं राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में अपनाईं।
सिद्धारमैया ने यह भी याद दिलाया कि जब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने फीसदी कर वितरण की मांग की थी। लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने क्या किया? और आप (मीडिया) ने इसे उजागर नहीं किया। उन्होंने पूछा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कर्नाटक को 5,300 करोड़ रुपए देने का वादा किया था, क्या वह राशि मिली? 15वें वेतन आयोग ने राज्य के लिए 11,495 करोड़ रुपए की सिफारिश की थी, क्या वह दी गई? क्या यह कोई मामूली बात है?