गुजरात का एसआई रिश्वत लेते गिरफ्तार
- फोटो : facebook
गुजरात के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अहमदाबाद रेंज के एक पुलिस उप निरीक्षक को 50 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि त्वरित प्रतिक्रिया सेल से संबद्ध एसआई प्रकाश सिंह राओल को आणंद के एक होटल में बृहस्पतिवार रात को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों मिली खुफिया जानकारी के आधार पर औद्योगिक शहर खंबाट में एक गोदाम पर पुलिस ने छापा मार कर किसानों के लिए रियायती यूरिया को बेईमानी से हड़पने के गिरोह का भंडाफोड़ किया।
छापे के दौरान पुलिस को 2.76 लाख रुपये का 1060 बैग यूरिया मिला। इसके अलावा 5,000 खाली बोरी और एक सिलाई मशीन भी मिली। एसीबी के मुताबिक राओल ने एफआईआर में नाम नहीं डालने के बदले गोदाम मालिक से 60 लाख रुपये की मांग की। मोलभाव के बाद वह 50 लाख रुपये लेने पर राजी हो गया। गोदाम मालिक रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने एसीबी को इसकी शिकायत दे दी।