श्रीकांत माधव वैद्य देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के नए चेयरमैन होंगे। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने भी वैद्य की नियुक्ति पर अपनी मुहर लगा दी है। श्रीकांत माधव आने वाली एक जुलाई को कार्यभार संभालेंगे। उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2023 तक का होगा।
वैद्य का चयन बीते वर्ष सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने किया था। वैद्य फिलहाल आईओसी में निदेशक (रिफाइनरी) हैं। पीईएसबी के पांच उम्मीदवारों के साक्षात्कार के बाद उनका चयन हुआ। इसमें चार आईओसी के निदेशक शामिल थे। वैद्य के अलावा इसमें निदेशक (वित्त) संदीप कुमार गुप्ता, निदेशक (मानव संसाधन) रंजन कुमार महापात्र और निदेशक (आर एंड डी) एसएसवी रामकुमार थे।
इसके अलावा कंपनी के कार्यकारी निदेशक राहुल भारद्वाज भी साक्षात्कार में शामिल हुए थे। वैद्य (56) आईओसी निदेशक मंडल से अक्तूबर में जुड़े थे और वह संजीव सिंह का स्थान लेंगे जो अगले साल जून में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। माधव का कार्यकाल तीन साल से थोड़ा अधिक होगा और अगस्त 2023 में समाप्त होगा। उस समय उनकी उम्र 60 साल हो जाएगी।