नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने रनवे और टैक्सी वे पर विमान फिसलने की छह घटनाओं के बाद 12 पायलटों की उड़ान भरने की अनुमति रद्द करने के साथ ही उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। हाल में स्पाइसजेट के तीन, एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो और गो एयर के एक विमान के साथ रन वे से फिसलने या नीचे उतरने की घटना हुई थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए डीजीसीए ने यह कदम उठाया है।
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि मुंबई और सूरत में हुई घटनाओं के बाद दोनों पायलटों को डीजीसीए के निर्देशानुसार निलंबित कर दिया गया है। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि उसने चार पायलटों को फिलहाल रोस्टर (ड्यूटी) से हटा दिया है। हालांकि डीजीसीए की ओर से पायलटों को कारण बताओ नोटिस नहीं मिला है। इस मामले में गो एयर की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
गौरतलब है कि सोमवार रात जयपुर से मुंबई जा रहा स्पाइसजेट का विमान भारी बारिश के कारण उतरते वक्त रनवे से फिसलकर घास में फंस गया था, जिसकी वजह से मुंबई एयरपोर्ट का मुख्य रनवे को बंद करना पड़ा था।
30 जून को भोपाल से आ रहा स्पाइसजेट का विमान सूरत एयरपोर्ट पर रनवे से नीचे उतर गया था। 2 जुलाई को स्पाइसजेट का विमान कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंडिंग करते समय फिसल गया, जिससे चार लाइटें क्षतिग्रस्त हुई थीं। उसी दिन एयर इंडिया एक्सप्रेस का दम्माम से आ रहा विमान कालीकट एयरपोट4 पर उतरते वक्त क्षतिग्रस्त हो गया था।
इससे पहले, 30 जून को एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान मंगलूरू हवाई अड्डे पर उतरने के बाद टैक्सी वे से फिसल कर जमीन पर अटक गया था। उसी दिन गो एयर का बंगलूरू से आ रहा विमान रांची हवाईअड्डे पर उतरते वक्त क्षतिग्रस्त हो गया था।